नवादा में बालू माफिया का दुस्साहस: अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को रोक रहे पुलिस चौकीदार पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

बिहार में बालू माफियाओं की दबंगई कम होने का नाम नही ले रहा। ताजा मामला नवादा से सामने आया है, जहां अवैध रुप से बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने पर चौकीदार पर जानलेवा हमला किया है...

बालू माफिया ने पुलिस चौकीदार पर किया जानलेवा हमला- फोटो : अमन सिन्हा

Patna : जिले में बालू माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। कादिरगंज थाना क्षेत्र के बेरमी गांव के निकट अवैध बालू के कारोबार को रोकने गए एक पुलिस चौकीदार रामनंदन प्रसाद पर माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना उस समय हुई जब निडर चौकीदार ने अकेले ही अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने का साहस दिखाया।


जानकारी के अनुसार, चौकीदार रामनंदन प्रसाद को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और बालू लदे एक ट्रैक्टर को भागते हुए देखकर उसे रोकने का प्रयास किया। माफियाओं ने उन पर दबाव बनाया कि वे गाड़ी छोड़ दें, लेकिन कर्तव्यनिष्ठ चौकीदार ने दो टूक शब्दों में कह दिया कि वह किसी भी कीमत पर अवैध कारोबारियों को भागने नहीं देंगे।


चौकीदार ने जैसे ही अपने विभाग और कादिरगंज थाना को इस घटना की जानकारी दी, माफियाओं ने साज़िश के तहत बेरमी मोड़ के पास उन्हें घेर लिया। पीड़ित चौकीदार के अनुसार, करीब 25 से 30 लोगों की भीड़ ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों के पास पिस्तौल और अन्य घातक हथियार थे। उन्होंने चौकीदार को जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा, लेकिन रामनंदन प्रसाद ने घायल होने के बावजूद ट्रैक्टर पर अपनी पकड़ ढीली नहीं होने दी।


चौकीदार की बहादुरी के कारण माफिया बालू लदा ट्रैक्टर छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए। जब तक कादिरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक सभी हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और घायल रामनंदन प्रसाद को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनकी स्थिति पर चिकित्सक नजर बनाए हुए हैं।


इस सनसनीखेज मामले पर डीएसपी हुलास कुमार ने बयान जारी करते हुए कहा कि पुलिस इस हमले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी सेवक पर हमला करने वाले और अवैध खनन में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द ही इस मामले में शामिल मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी का दावा किया है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट