स्वर्ण महिला समिति ने परशुराम जयंती पर आयोजित किया विशेष कार्यक्रम, महिलाओं के उत्थान का लिया संकल्प

Nawada: स्वर्ण महिला समिति द्वारा नवादा के पटेल नगर में महिलाओं को केंद्र में रखकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परशुराम जयंती के अवसर पर आयोजित हुआ, जिसमें स्वर्ण समाज की महिलाओं की समस्याओं पर चर्चा की गई और उनके उत्थान के लिए संगठन का विस्तार किया गया। 


मुख्य अतिथि के रूप में नवादा की पूर्व सिविल सर्जन डॉ. सावित्री शर्मा और डॉ. मधु सिन्हा उपस्थित रहीं। वहीं मुख्य अतिथि डॉ. सावित्री शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह बहुत अच्छा प्रयास है और इन महिलाओं के संगठन को उनका पूरा सहयोग रहेगा। डॉ. मधु सिन्हा ने भी कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में गोरी रानी, बंटी सिंह और खुशबू सिंह द्वारा मुख्य अतिथियों का भव्य सम्मान किया गया। मंच संचालन इन्हीं तीनों महिलाओं ने किया। 


इस मौके पर गोरी रानी ने कहा कि स्वर्ण समाज में भी कई महिलाएं कठिन परिस्थितियों से गुजर रही हैं। उन्होंने परशुराम जयंती पर स्वर्ण महिला समिति का विस्तार करते हुए कहा कि इस संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज की दबी-कुचली महिलाओं को जागृत करना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। बंटी सिंह ने अपने संबोधन में जोर दिया कि वर्तमान स्थिति में स्वर्ण वर्ग की महिलाओं और परिवारों की आर्थिक स्थिति भी काफी चुनौतीपूर्ण हो गई है। 


उन्होंने कहा कि अन्य जातियों की गरीब महिलाओं को जो सरकारी योजनाओं और हकों का लाभ मिलता है, वही हक स्वर्ण समाज की जरूरतमंद महिलाओं को भी मिलना चाहिए। हमारी कोशिश है कि दबे-कुचले वर्ग के लोगों को लाभ पहुंचे, लेकिन स्वर्ण समाज को दरकिनार नहीं किया जाना चाहिए।


खुशबू सिंह ने सभी उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में स्वर्ण समाज की महिलाएं काफी कमजोर स्थिति में आ गई हैं। इन्हें ताकत देने के लिए स्वर्ण समाज की महिलाओं ने अब आगे कदम बढ़ाया है। उन्होंने मांग की कि हर क्षेत्र में स्वर्ण समाज की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राजनीतिक परिस्थितियों की आलोचना करते हुए कहा कि स्वर्ण समाज की महिलाओं को दरकिनार करना कहीं से भी उचित नहीं है।


इस मौके पर वर्षा रानी, पुष्पा कुमारी, राजकुमारी, बीना देवी, बिभा कुमारी, संगीता कुमारी, कुंदन कुमारी, विभा कुमारी, महारानी कुमारी, बिना कुमारी सहित तमाम महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। 


कार्यक्रम में स्वर्ण समाज की महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके हकों की लड़ाई लड़ने का संदेश साफ तौर पर दिया गया।


नवादा से अमन सिन्हा