नवादा में रफ्तार का कहर: बालू लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दो स्कूली छात्रों को रौंदा, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
Bihar Road Accident : नवादा में रफ्तार कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। आज जिले में रफ्तार ने दो जाने ले ली। वहीं एक गंभीर रुप से घायल है, जिसका अस्पताल मे इलाज चल रहा है......
Nawada : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मंजौर गांव में मंगलवार को रफ्तार के कहर ने एक मासूम की जान ले ली। हाई स्कूल से पढ़कर साइकिल से अपने घर लौट रहे दो स्कूली छात्रों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण हादसे में नौवीं कक्षा की एक छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
स्कूल से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
चश्मदीदों के मुताबिक, अवैध बालू से लदा एक ट्रैक्टर बेहद तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान हाई स्कूल मंजौर से छुट्टी के बाद घर लौट रही छात्रा पूनम कुमारी और छात्र नीतीश कुमार उसकी चपेट में आ गए। दोनों को कुचलने के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन इसी आपाधापी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही चालक मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार होने में सफल रहा।
नौवीं की छात्रा की मौत, साथी छात्र गंभीर
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाली 13 वर्षीय छात्रा पूनम कुमारी चक मिल्की गांव के निवासी ब्रह्मदेव रविदास की पुत्री थी और वह नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल छात्र की पहचान मंजौर गांव निवासी अमीरख रविदास के 13 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे साइकिल से अपने घर लौट रहे थे, जिसमें नीतीश कुमार साइकिल के पीछे बैठा हुआ था।
आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया सड़क जाम, मुआवजे की मांग
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। छात्रा की मौके पर ही मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने बागीबरडीहा-बरबीघा मुख्य मार्ग को मय गांव मोड़ के पास पूरी तरह जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने और फरार ट्रैक्टर चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सड़क जाम के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, वहीं मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
घायल पावापुरी रेफर, जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल छात्र नीतीश कुमार को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पावापुरी विम्स रेफर कर दिया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही वारिसलीगंज थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट