नवादा में रफ्तार का कहर : बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत

नवादा जिले में रफ्तार के कहर ने आज फिर एक युवक की जान ले ली। जिले के काशीचक थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई...

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां एक भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। यह हृदयविदारक घटना काशीचक थाना क्षेत्र के मधेपुरा गांव के समीप घटी। जहां बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को इतनी बेरहमी से टक्कर मारी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहनपुर गांव निवासी भारत मिस्त्री के 22 वर्षीय पुत्र शनि कुमार के रूप में की गई है।


तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से अनियंत्रित होकर पलटी हाई-स्पीड केटीएम बाइक

हादसे के संबंध में बताया जा रहा है कि शनि कुमार अपनी हाई-स्पीड केटीएम (KTM) स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बालू लदे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि केटीएम बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में शनि कुमार के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


साक्ष्य मिटाने के लिए सड़क पर ही गिरा दिया बालू, ट्रैक्टर लेकर माफिया फरार

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बालू माफिया की क्रूरता की कहानी बयां करते हुए बताया कि टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक ने गाड़ी को रोकने के बजाय वहां से भगाने का प्रयास किया। कानून के शिकंजे से बचने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसने भागने के दौरान ही ट्रैक्टर के हाइड्रोलिक को उठाकर सारा बालू सड़क पर ही गिरा दिया। इसके बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से तेजी से फरार होने में कामयाब रहा। इस करतूत के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।


अवैध बालू ढोने वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ ग्रामीणों में बढ़ा भारी उबाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर नवादा में तेज रफ्तार और अवैध रूप से बालू का परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ आम जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बालू माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे रिहायशी इलाकों और संकरी सड़कों पर भी ट्रैक्टरों को अत्यधिक गति से दौड़ाते हैं, जिससे आए दिन बेकसूर लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इन अवैध ट्रैक्टरों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।


शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी काशीचक पुलिस

इधर, घटना की भनक मिलते ही काशीचक थाना प्रभारी गौतम कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उग्र लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रैक्टर व उसके चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट