सदर अस्पताल का हाल : इमरजेंसी वार्ड से डॉक्टर गायब, इलाज के लिए घंटों इंतजार करते रहे मरीज

नवादा जिले के सदर अस्पताल में इमरजेंसी सेवा फिर सवालों के घेरे में है। यहां आलम यह है कि इमरजेंसी वार्ड में समय पर डॉक्टर के मौजूद नहीं रहने के कारण दूर-दराज से इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा...

सदर अस्पताल का हाल- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर गंभीर लापरवाही के कारण चर्चा में आ गई है। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में समय पर डॉक्टर के मौजूद नहीं रहने के कारण दूर-दराज से इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति यह थी कि वार्ड के बाहर मरीजों की लंबी कतार और भीड़ लगी थी, लेकिन डॉक्टरों की कुर्सियां पूरी तरह खाली पड़ी थीं और मरीज डॉक्टर के आने का इंतजार कर रहे थे।


ड्यूटी पर तैनात होने के बावजूद दोपहर तक नदारद रहे डॉक्टर

मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरान इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर पुष्कर चंद्र की ड्यूटी निर्धारित थी, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे तक वे अपने कर्तव्य से गायब मिले। नियमानुसार उस समय दो डॉक्टरों की ड्यूटी होनी चाहिए थी, इसके बावजूद मौके पर एक भी डॉक्टर के मौजूद न होने से स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुल गई। गंभीर हालत में इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों की इस लापरवाही के कारण मुश्किलें और बढ़ गईं।


अस्पताल पहुंचे स्थानीय लोगों ने जताई कड़ी नाराजगी

अस्पताल की इस बदहाल व्यवस्था को देखकर वहां मौजूद स्थानीय लोगों और परिजनों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। लोगों का सवाल था कि जब जिले के मुख्य अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ही समय पर चिकित्सक उपलब्ध नहीं होंगे, तो गरीब और आम मरीजों को समय पर इलाज कैसे मिल सकेगा? ऐसी संवेदनशील जगहों पर डॉक्टरों की मनमानी और अनुपस्थिति अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है।


अस्पताल प्रबंधक की सफाई: '20 मिनट की देरी से पहुंचे थे डॉक्टर'

पूरे मामले पर सफाई देते हुए सदर अस्पताल के प्रबंधक कुमार आदित्य ने कहा कि संबंधित डॉक्टर ड्यूटी पर करीब 20 मिनट की देरी से पहुंचे थे और संभव है कि उन्हें कोई जरूरी इमरजेंसी काम आ गया हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डॉक्टर अब अस्पताल पहुंचकर अपनी ड्यूटी संभाल चुके हैं। हालांकि, महज 20 मिनट की देरी का दावा करने वाले प्रबंधन के पास इस बात का कोई ठोस जवाब नहीं था कि जब दो डॉक्टरों की तैनाती थी, तब एक भी चिकित्सक समय पर वार्ड में क्यों नहीं मिला।


व्यवस्था सुधारने की मांग, मरीजों की जान से खिलवाड़ पर उठे सवाल

सवाल यह है कि इमरजेंसी जैसी अतिसंवेदनशील जगह पर डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या महज औपचारिकता पूरी कर देने से मरीजों की जान के साथ हो रहे खिलवाड़ को माफ किया जा सकता है? आम जनता और बुद्धजीवियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सदर अस्पताल की इस लचर व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाए, ताकि आपात स्थिति में आने वाले किसी भी मरीज को डॉक्टर के इंतजार में तड़पना न पड़े।


अमन की रिपोर्ट