Anant Singh : दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह की बढ़ी मुश्किलें, चार महीने की जांच बनेगी कानूनी लड़ाई का ये अहम आधार

Anant Singh : दुलारचंद यादव हत्याकांड का मामला करीब एक साल बाद एक बार फिर बिहार की सियासत और कानूनी गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है।...

Anant Singh
अनंत सिंह की बढ़ी मुश्किलें- फोटो : X

Anant Singh : दुलारचंद यादव हत्याकांड का मामला करीब एक साल बाद एक बार फिर बिहार की सियासत और कानूनी गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है। मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद बढ़ती नजर आ रही हैं। 30 अक्टूबर को हुई सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने उनकी जमानत पर रोक लगाते हुए दो अहम निर्देश दिए। अदालत ने अनंत सिंह को 4 दिसंबर से पहले सरेंडर करने का आदेश दिया है। साथ ही बिहार पुलिस को हत्याकांड से जुड़ी शेष जांच चार महीने के भीतर पूरी कर रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है।

सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। अब अनंत सिंह की कानूनी स्थिति काफी हद तक पुलिस की आगे की तफ्तीश और जुटाए जाने वाले साक्ष्यों पर निर्भर करेगी। अदालत ने 19 मार्च 2026 को पटना हाईकोर्ट की ओर से दिए गए जमानत आदेश को अगली सुनवाई तक निलंबित कर दिया है।

चार महीने की जांच बनेगी कानूनी लड़ाई का अहम आधार

सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस को साफ निर्देश दिया है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड की बची हुई जांच चार महीने में पूरी की जाए। अदालत के आदेश के बाद अब पुलिस को उन तमाम पहलुओं की पड़ताल करनी होगी, जिन पर अभी तक तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है।हाईकोर्ट में अनंत सिंह के वकील हर्षवर्धन ने बताया कि जांच की अवधि और दिशा पूरी तरह पुलिस पर निर्भर करती है। उनके मुताबिक, पुलिस चार दिन, चार महीने या चार साल में भी जांच पूरी कर सकती है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि किन बिंदुओं को स्पष्ट करना है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में जांच पूरी करने के लिए चार महीने का वक्त पर्याप्त है।दरअसल, अनंत सिंह पर हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं। अगर पुलिस आगे की जांच में उनके खिलाफ ठोस वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में कामयाब रहती है तो दोबारा जमानत हासिल करना मुश्किल हो सकता है। वहीं, अगर उनकी कथित भूमिका को लेकर पुख्ता सबूत सामने नहीं आते हैं तो बचाव पक्ष को अदालत में अपनी दलील मजबूत करने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, जमानत पर अंतिम फैसला अदालत ही करेगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खड़े किए थे कई सवाल

इस हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट पहले से ही महत्वपूर्ण चर्चा का विषय रही है। पुलिस ने चश्मदीदों के बयान के आधार पर प्राथमिकी में आरोप लगाया था कि अनंत सिंह ने दुलारचंद यादव पर गोली चलाई थी। दूसरी ओर, डॉक्टरों के पैनल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुलारचंद के पैर में एक गोली लगने की बात सामने आई थी।रिपोर्ट को लेकर बचाव पक्ष ने अदालत में दलील दी थी कि गोली लगने से दुलारचंद यादव की मौत नहीं हुई। वकीलों के मुताबिक, मौत की वजह भारी आघात और दिल का दौरा था। इस आधार पर उन्होंने पुलिस की जांच और हत्या के आरोपों पर सवाल उठाए थे।बचाव पक्ष का तर्क था कि पुलिस अब तक यह भी साबित नहीं कर पाई है कि अनंत सिंह की हत्या में सीधी भूमिका थी। उनका कहना था कि चुनावी काफिले के दौरान हिंसक झड़प के वक्त मौके पर मौजूद होना और हत्या की नीयत से हमला करना दो अलग-अलग बातें हैं।

चार्जशीट के बाद भी जारी थी जांच

इस मामले में पटना पुलिस ने जनवरी 2026 में चार्जशीट दाखिल की थी। हालांकि, पुलिस ने कुछ बिंदुओं पर आगे की जांच जारी रहने की बात कही थी। सुप्रीम कोर्ट ने इसी अधूरी जांच को चार महीने के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है।अब पुलिस को यह स्पष्ट करना होगा कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था, दुलारचंद यादव की मौत किन परिस्थितियों में हुई और आरोपियों की भूमिका क्या थी। जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य, गवाहों के बयान और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की अहमियत रहेगी।

हाईकोर्ट की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट ने उठाए सवाल

30 अक्टूबर की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के जमानत आदेश पर गंभीर सवाल उठाए। शीर्ष अदालत का कहना था कि जमानत देते समय अनंत सिंह के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की संख्या और आरोपों की गंभीरता पर समुचित विचार नहीं किया गया।अदालत ने इस पहलू पर भी सवाल उठाया कि उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से जोड़कर किस आधार पर देखा गया। इसी के बाद हाईकोर्ट के 19 मार्च 2026 के जमानत आदेश को अगली सुनवाई तक निलंबित कर दिया गया।

अब चार महीने बाद होगी अगली सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इस मामले में अगला महत्वपूर्ण पड़ाव पुलिस की जांच रिपोर्ट होगी। अनंत सिंह को 4 दिसंबर से पहले सरेंडर करना होगा और पुलिस को चार महीने में अपनी शेष जांच पूरी करनी है।फिलहाल इस मामले में आरोपों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच को लेकर कानूनी बहस जारी है। आने वाले महीनों में जांच के निष्कर्ष और अदालत में पेश किए जाने वाले साक्ष्य यह तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे कि अनंत सिंह को आगे जमानत मिल पाएगी या उनकी मुश्किलें और बढ़ेंगी। दुलारचंद हत्याकांड अब बिहार की