17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत : सौतेली मां पर हत्या का आरोप, पुलिस ने कब्र से निकाला शव
नवादा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत हो गई। वहीं उसकी बड़ी बहन ने अपनी सौतेली मां पर हत्या का आरोप लगाई है। बहन के आरोप के बाद पुलिस कब्र से शव निकाल पोस्टमार्टम के लिए जांच में जुटी है....
Nawada : जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमौल थाना क्षेत्र के बेलखुंडा गांव में 17 वर्षीय पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों द्वारा आनन-फानन में युवती के शव को गांव के श्मशान घाट में दफना दिया गया था। इसी बीच मृतका की बड़ी बहन खुशबू कुमारी ने पुलिस से संपर्क कर गंभीर आरोप लगाया कि उसकी सौतेली मां ने पिंकी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को दफना दिया है।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाला गया शव, FSL ने जुटाए साक्ष्य
बड़ी बहन की सूचना और शिकायत को गंभीरता से लेते हुए धमौल थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में श्मशान घाट से दफनाए गए शव को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुँची फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल और शव से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया गया।
सौतेली मां, पिता और छोटी बहन हिरासत में; पूछताछ जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका की सौतेली मां रिंकू देवी, पिता सोहर यादव और छोटी बहन गुड़िया कुमारी को हिरासत में लिया है। पुलिस तीनों से थाने में आमने-सामने बिठाकर गहन पूछताछ कर रही है, ताकि मौत के समय घर में हुई परिस्थितियों का पूरा सच सामने आ सके।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से हत्या की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों (हत्या या आत्महत्या) का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट