नवादा के कौआकोल बाजार में चला प्रशासन का बुलडोजर, जेपी चौक से आश्रम मोड़ तक हटा अवैध अतिक्रमण

नवादा जिले के कौआकोल प्रखंड मुख्यालय बाजार में लगातार लग रहे जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों पर कड़ा शिकंजा कसा है। अवैध निर्माण और दुकानों के बढ़े हुए हिस्सों को प्रशासन ने भारी पुलिस बल और बुलडोजर की मदद से साफ करा दिया...

नवादा के कौआकोल बाजार में चला प्रशासन का बुलडोजर- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के कौआकोल प्रखंड के मुख्य बाजार में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। बाजार के प्रमुख हिस्से जेपी चौक से लेकर आश्रम मोड़ तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर (जेसीबी) की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे बाजार इलाके में काफी समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


भीषण जाम की समस्या से कराह रहा था बाजार

कौआकोल प्रशासन के अनुसार, मुख्य बाजार में पिछले लंबे समय से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भीषण जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा था। लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से सामान फैलाकर पक्का व कच्चा अतिक्रमण कर लिया है, जिससे सड़क काफी संकरी हो गई थी। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए यह कदम उठाया गया।


कार्रवाई से पहले प्रशासन ने दी थी सख्त चेतावनी

अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करने से पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी तैयारी की थी। पूरे मार्ग पर अतिक्रमण वाले स्थानों को बाकायदा चिह्नित किया गया था। इसके साथ ही, प्रशासन द्वारा माइकिंग कराकर कई बार दुकानदारों को खुद ही अपना अवैध कब्जा हटा लेने की सख्त हिदायत और अंतिम चेतावनी दी गई थी, लेकिन कुछ दुकानदारों ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया।


जेसीबी मशीन देखकर दुकानदारों में मचा हड़कंप

तय समय सीमा बीतने के बाद जब प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची, तो दुकानदारों के होश उड़ गए। बुलडोजर को आता देख बाजार में हड़कंप मच गया। जिन दुकानदारों ने चेतावनी को हल्के में लिया था, वे आनन-फानन में अपना सामान समेटकर दुकानों के अंदर रखने की जद्दोजहद करते नजर आए।


शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ पूरा अभियान

शुरुआती हड़कंप के बाद प्रशासन की सख्त कार्यशैली और कड़े रुख को भांपते हुए अधिकांश दुकानदारों ने स्वेच्छा से ही सड़कों से अपना अवैध कब्जा हटाना शुरू कर दिया। दुकानदारों के इस सहयोग और पुलिस की मुस्तैदी के कारण प्रशासन का यह पूरा अतिक्रमण विरोधी अभियान बिना किसी बड़े विरोध के, अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट