'आदर्श ग्राम' के रूप में विकसित होगी महान विभूतियों की जन्मस्थली, सांसद विवेक ठाकुर की पहल पर CM ने दिए निर्देश
Bihar News : नवादा सांसद विवेक ठाकुर के बिहार के महान विभूतियों की जन्मस्थलियों को आदर्श ग्राम के रुप में विकसित करने के प्रस्ताव पर सीएम पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए अधिकारियों को इसके लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश..
Nawada : बीजेपी के वरिष्ठ नेता और नवादा के सांसद विवेक ठाकुर की एक बड़ी और दूरगामी पहल पर बिहार सरकार ने मुहर लगा दी है। सांसद विवेक ठाकुर के प्रस्ताव पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सूबे की महान विभूतियों की जन्मस्थलियों को 'आदर्श ग्राम' के रूप में विकसित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन सभी ऐतिहासिक स्थलों का विस्तृत सर्वेक्षण कराकर चरणबद्ध तरीके से उनके समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
विवेक ठाकुर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति जताया विशेष आभार
दरअसल, नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से एक शिष्टाचार मुलाकात की थी। इस बैठक के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया था कि बिहार के गौरवशाली इतिहास को जीवंत रखने के लिए राज्य के सभी महान व्यक्तित्वों और राष्ट्रनायकों से जुड़े पैतृक स्थलों को आदर्श ग्राम के रूप में पुनर्जीवित और विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री द्वारा इस दूरगामी प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार कर आगे की कार्रवाई का निर्देश दिए जाने के बाद सांसद विवेक ठाकुर ने उनके प्रति गहरा आभार प्रकट किया है।
गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों को सहेजने की मुहिम
इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि बिहार प्राचीन काल से ही ज्ञान, संस्कृति, आध्यात्म, स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण की महान परंपराओं का मुख्य केंद्र रहा है। उन्होंने पुरजोर शब्दों में कहा कि अपने विचारों, दर्शन और अभूतपूर्व कार्यों से पूरे देश व दुनिया को नई दिशा दिखाने वाले महापुरुषों से जुड़े स्थलों को संरक्षित, संवर्धित और विकसित करना आज के समय की सबसे बड़ी मांग है, ताकि उनके योगदान को अमर रखा जा सके।
प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित होंगे ये ऐतिहासिक स्थल
विवेक ठाकुर ने आगे कहा कि इस महत्वपूर्ण कदम से बिहार की नई और आने वाली पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास, समृद्ध विरासत और महान व्यक्तित्वों को करीब से जानने व उनसे जुड़ने का अनूठा अवसर मिलेगा। इन जन्मस्थलियों को केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि युवाओं के लिए 'प्रेरणा केंद्र' के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अपनी नवादा लोकसभा क्षेत्र के महान स्वतंत्रता सेनानी व बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्रीबाबू) और अमर शहीद जवाहर रजवार जैसी महान विभूतियों का विशेष उल्लेख करते हुए उनके पैतृक स्थलों के समग्र विकास की बात कही।
आत्मनिर्भर और समृद्ध बिहार की दिशा में बड़ा कदम
सांसद विवेक ठाकुर ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और सुशासन के प्रति अटूट संकल्प के बल पर बिहार विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करेगा। राजनीतिक व सामाजिक विश्लेषकों का मानना है कि महापुरुषों के गांवों को 'आदर्श ग्राम' बनाने की यह अनूठी पहल न केवल ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि राज्य के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी एक नई ऊंचाई प्रदान करेगी।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट