Bihar News : नवादा में चौकीदार की हत्या से फैली सनसनी, एसपी अभिनव धीमान ने एसआईटी का किया गठन, कहा- हर पहलू की होगी जांच

Bihar News : नवादा जिले के नरहट थाना में पदस्थापित चौकीदार की हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसपी ने मामले को लेकर SIT का गठन किया है......पढ़िए आगे

चौकीदार की हत्या - फोटो : AMAN

NAWADA : नवादा जिले में नरहट थाना में पदस्थापित एक चौकीदार की हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान सदर अस्पताल पहुंचे और मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि बरामद शव एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और चौकीदार के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चौकीदार पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक की गर्दन पर भी निशान पाए गए हैं, साथ ही शरीर के प्राइवेट पार्ट के आसपास मिले निशानों को लेकर भी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड के शीघ्र उद्भेदन के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। गठित टीम मामले से जुड़े हर बिंदु पर गहनता से छानबीन कर रही है, ताकि हत्या के कारणों और अपराधियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

एसपी ने जानकारी दी कि फिलहाल इस मामले में पुलिस को अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट