रात 3:39 बजे PhonePe पर 20 हजार! हूटर वाली गाड़ी छोड़ने के बदले 40 हजार की डिमांड, थानेदार सस्पेंड

फेनहारा थानाध्यक्ष को चंपारण रेंज के DIG हरिकिशोर राय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि हूटर लगी गाड़ी छोड़ने के बदले 40 हजार रुपये की मांग की गई थी।22 नवंबर की रात 3:39 बजे PhonePe के जरिए 20 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने की बात

motihari fenhara sho rsuspended bribery case
मोतिहारी के फेनहारा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित- फोटो : Reporter

बिहार के मोतीहारी जिले के फेनहारा थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार को चंपारण रेंज के डीआईजी हरिकिशोर राय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि हूटर लगी गाड़ी को थाने से छोड़ने के बदले 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, जिसके बाद डीएसपी पकड़ीदयाल की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह सख्त कार्रवाई की गई।


रात 3:39 बजे फोन पे पर लिए 20 हजार रुपये

जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 की रात गश्ती के दौरान हूटर लगी गाड़ी (BR-05-BW-2315) को चेकिंग के क्रम में पूछताछ के लिए फेनहारा थाना लाया गया था। आरोप है कि वाहन छोड़ने के लिए 40 हजार रुपये मांगे गए और रकम कम होने पर पंचायत समिति सदस्य बबलू कुमार उर्फ बबलू सिंह ने 22 नवंबर की रात 3:39 बजे क्षति व हानि का भय दिखाकर अपने फोन पे खाते पर 20 हजार रुपये मंगवाए।


सत्यापन के बाद पीआर बॉण्ड पर छोड़ी गई गाड़ी

पुलिस के अनुसार, वाहन का सत्यापन सही पाए जाने के बाद उसे पीआर बॉण्ड पर सुरक्षित छोड़ दिया गया था। वाहन मालिक परवाज अहमद (निवासी परशुरामपुर टोला जमुनिया, थाना फेनहारा) के आवेदन पर पूरे मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पकड़ीदयाल को सौंपी गई थी।


पंचायत समिति सदस्य पर प्राथमिकी दर्ज

जांच के क्रम में फोन पे पर रिश्वत की रकम लेने के मामले में पंचायत समिति सदस्य बबलू कुमार उर्फ बबलू सिंह (पिता राजेश्वर प्रसाद सिंह, निवासी फेनहारा) के खिलाफ फेनहारा थाना कांड संख्या 255/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


लापरवाही और संदिग्ध आचरण पर कार्रवाई

डीआईजी चंपारण क्षेत्र, बेतिया ने थानाध्यक्ष रजनीश कुमार को कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और संदिग्ध आचरण के आरोप में जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे और इलाके में हड़कंप मच गया है।

मोतीहारी से हिमांशु की रिपोर्ट