Bihar News: नवादा में हुई अनोखी शादी, विवाह में देरी से नाराज प्रेमी जोड़े घर से भागे, तो सड़क हादसे के हुए शिकार, फिर पुलिस के सामने लिए सात फेरे

Bihar News: नवादा में एक अनोखी शादी देखने को मिली है। जहां शादी तय होने के बाद देरी से नाराज प्रेमी जोड़े घर से भाग गए। वहीं घर से भागने के क्रम में वो सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए। पढ़िए आगे...

Nawada unique marriage
Nawada unique marriage- फोटो : social media

नवादा जिले के सिरदला में एक अनोखी घटना घटी। जहां शादी में देरी से परेशान एक प्रेमी युगल ने घर से भागने का फैसला किया। लड़का सहिंदर कुमार गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव का निवासी है। जबकि लड़की सपना नवादा जिले के रजौली प्रखंड के बिजबन गांव की रहने वाली है।

शादी में देरी बनी भागने की वजह

तीन-चार महीने पहले दोनों की शादी तय हो चुकी थी, लेकिन पारिवारिक कारणों से शादी की तारीख टाल दी गई थी। लंबे समय तक इंतजार करने के बाद दोनों ने एक साथ भागने का फैसला किया। मंगलवार को लड़का गया से रजौली पहुंचा, जहां लड़की भी अपने गांव से आकर उससे मिली। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से एक साथ फरार होने निकले।

सड़क दुर्घटना में घायल हुए प्रेमी युगल

रजौली से गया जाते समय सिरदला थाना क्षेत्र के कुशाहन पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और सिरदला पुलिस की मदद से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सहिंदर कुमार के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि सपना के सिर में गहरी चोट लगी। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने मंदिर में कराई शादी

घटना की जानकारी मिलते ही मामला सिरदला थाना पहुंचा। पुलिस ने दोनों के माता-पिता को बुलाया और सिरदला बाजार स्थित मंदिर में पंडित को बुलाकर उनकी शादी करवा दी। स्थानीय दुकानों से विवाह का सामान लाया गया और मंदिर परिसर में शादी संपन्न हुई।  शादी के दौरान गांव के लोग भी गवाह बने और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं। शादी के समय लड़के की मां भावुक होकर रो पड़ी।

CCTV फुटेज वायरल

इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें प्रेमी जोड़े को घायल अवस्था में देखा जा सकता है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि यह घटना नाटकीय रही, लेकिन अंततः प्रेम की जीत हुई। पुलिस और स्थानीय लोगों की पहल से दोनों की शादी संपन्न हुई, जिससे यह मामला चर्चा का विषय बन गया।

नवादा से अमन की रिपोर्ट

Editor's Picks