निजी क्लीनिक में गर्भवती महिला की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन व दवा देने का लगाया आरोप

नवादा जिले में एक गर्भवती महिला की मौत के बाद स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था और अवैध रूप से संचालित निजी क्लीनिकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं....

निजी क्लीनिक में गर्भवती महिला की मौत के बाद हड़कंप- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के मेसकौर प्रखंड में एक गर्भवती महिला की मौत के बाद स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था और अवैध रूप से संचालित निजी क्लीनिकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका के पिता मनोज प्रसाद के आवेदन के अनुसार, उनकी पुत्री सीमा कुमारी को 21 नवंबर 2026 को अचानक पेट में दर्द हुआ, जिसके बाद दोपहर करीब 12 बजे उसे इलाज के लिए मेसकौर स्थित निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने क्लीनिक संचालक डॉ. सुभाष कुमार पर गलत दवा व इंजेक्शन देने तथा इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।


इलाज के दौरान बिगड़ी हालत, 22 नवंबर की रात हुई महिला की मौत

परिजनों का आरोप है कि पेट दर्द की शिकायत पर महिला को इंजेक्शन और दवाएं दी गईं, लेकिन हालत में सुधार होने के बजाय स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। परिवार के लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर पेट दर्द होने पर ऐसा कौन सा इंजेक्शन दिया गया, जिससे मरीज की अवस्था गंभीर हो गई। आवेदन के मुताबिक, 22 नवंबर की रात महिला की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने डायल 112 की टीम को घटना की सूचना दी।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिया लिखित आवेदन

गर्भवती महिला की मौत के बाद मृतका के पिता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन और वैधता की भी जांच करने का आग्रह किया है।


जिले में अवैध क्लीनिकों के संचालन व स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

नवादा के विभिन्न इलाकों में कथित तौर पर बिना उचित चिकित्सकीय योग्यता और जरूरी अनुमति के निजी क्लीनिक संचालित किए जाने तथा मरीजों की जान से खिलवाड़ किए जाने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि निजी क्लीनिकों की नियमित जांच क्यों नहीं होती और किसी अनहोनी व मरीज की मौत के बाद ही अधिकारी क्यों सक्रिय होते हैं।


आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि बाकी, चिकित्सक का पक्ष सामने आने का इंतजार

फिलहाल गर्भवती महिला की मौत और इलाज में लापरवाही को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इस प्रकरण में संबंधित क्लीनिक संचालक का पक्ष सामने आना अभी बाकी है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर जांच की दिशा पर सभी की नजरें टिकी हैं।

अमन की रिपोर्ट