गोपालगंज में दिनदहाड़े 21 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या, मार्च में तय थी शादी; पुलिस जांच में जुटी

बिहार के गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े 21 वर्षीय युवती रमी कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आगामी मार्च में उसकी शादी तय थी। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Gopalganj young woman murdered
गोपालगंज में दिनदहाड़े 21 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या- फोटो : Reporter

बिहार के गोपालगंज में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक 21 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी और घटना के बाद मौके से फरार हो गए। यह वारदात जादोपुर थाना क्षेत्र के जागीरी टोला गांव में हुई। मृतका की पहचान गांव के ही दूधनाथ सिंह की बेटी रमी कुमारी के रूप में की गई है।


कपड़ा बनवाने जाते समय घात लगाकर मारी गोली

बताया जा रहा है कि रमी कुमारी अपने घर से कुछ ही दूरी पर कपड़ा बनवाने के लिए निकली थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


मार्च में तय थी शादी, परिवार में पसरा मातम

रमी कुमारी की शादी अगले मार्च महीने में तय थी और परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन इस अचानक हुई घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।


पुलिस जांच में जुटी, कारणों का खुलासा नहीं

घटना की सूचना मिलते ही जादोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि पुलिस अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छानबीन कर रही है।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट