Bihar News: त्योहारों में दिल्ली की राह आसान, नवादा-वारिसलीगंज में रुकेगी विक्रमशिला स्पेशल

Bihar News:त्योहारों के दौरान दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने भागलपुर और दिल्ली के बीच विक्रमशिला क्लोन स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ...

त्योहारों में दिल्ली की राह आसान- फोटो : reporter

Bihar News: नवादा जिले के यात्रियों के लिए दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व से पहले रेलवे ने राहत की खबर दी है। त्योहारों के दौरान दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने भागलपुर और दिल्ली के बीच विक्रमशिला क्लोन स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव नवादा और वारिसलीगंज रेलवे स्टेशनों पर भी दिया गया है। इससे नवादा, हिसुआ और वारिसलीगंज समेत आसपास के इलाकों के यात्रियों को दिल्ली और रास्ते में पड़ने वाले कई प्रमुख शहरों तक सफर करने में सहूलियत होगी।

रेलवे की जारी समय-सारणी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 04061 भागलपुर-दिल्ली स्पेशल 12 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन परिचालित होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 04062 दिल्ली-भागलपुर स्पेशल 10 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक हर दिन चलेगी।

भागलपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन वारिसलीगंज में सुबह 8:02 बजे पहुंचेगी और दो मिनट बाद 8:04 बजे रवाना होगी। इसके बाद नवादा स्टेशन पर सुबह 8:20 बजे पहुंचेगी और 8:22 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। वापसी में दिल्ली से भागलपुर जाने वाली ट्रेन नवादा में सुबह 8:06 बजे आएगी और 8:08 बजे रवाना होगी, जबकि वारिसलीगंज में इसका ठहराव सुबह 7:51 से 7:53 बजे तक रहेगा।

ट्रेन भागलपुर, जमालपुर, अभयपुर, किऊल, शेखपुरा, वारिसलीगंज, नवादा, तिलैया और गया समेत कई अहम स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके अलावा अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, गोविंदपुरी, इटावा और अलीगढ़ जैसे प्रमुख शहरों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा।

त्योहारी मौसम में अतिरिक्त ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। दिल्ली में रहने वाले नवादा जिले के लोगों के लिए यह स्पेशल ट्रेन सफर को और आसान बनाने वाली साबित हो सकती है।

रिपोर्ट- अमन कुमार