पारिवारिक विवाद में महिला की बेरहमी से हत्या, सगे देवर पर हत्या का आरोप

नवादा जिले में एक 40 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। मृतका के बेटे ने अपने सगे चाचा और उसके परिवार के उपर हत्या का आरोप लगाया है....

पारिवारिक विवाद में महिला की हत्या- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नरहट थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव में एक 40 वर्षीय महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान वाल्मीकि चौधरी की पत्नी पुतुल देवी के रूप में की गई है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है।


शादी के निमंत्रण को लेकर बढ़ा था विवाद

मृतका के बेटे के अनुसार, इस खूनी वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद मुख्य वजह है। उसने अपने सगे चाचा और उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। बेटे ने बताया कि उसके पिता करीब एक महीने पहले ही काम के सिलसिले में साउथ अफ्रीका गए हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से बातचीत और निमंत्रण का लेन-देन पूरी तरह बंद था। हाल ही में हुई बहन की शादी में भी दोनों पक्षों में से किसी ने एक-दूसरे को आमंत्रित नहीं किया था, जिससे विवाद और ज्यादा गहरा गया था।


दो साल पुराना विवाद और अकेलेपन का फायदा

परिजनों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी नई नहीं है। करीब दो साल पहले भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी, हालांकि उस समय पुलिस में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था। बेटे ने आरोप लगाया कि उसकी मां घर पर बिल्कुल अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और महिला के साथ बुरी तरह मारपीट कर उसकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।


मां का फोन न मिलने पर सामने आया सच

मृतका का बेटा घर से करीब 11 किलोमीटर दूर हिसुआ में रहकर पढ़ाई करता है। उसने बताया कि जब काफी देर तक मां से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया, तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। वह तुरंत हिसुआ से अपने गांव हजरतपुर पहुंचा। घर के भीतर प्रवेश करते ही उसके होश उड़ गए; मां बेसुध हालत में जमीन पर गिरी हुई थी। बेटे ने यह भी खुलासा किया कि उसकी मां को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं।


पुलिस कस्टडी में दो आरोपीपिता के लौटने का इंतजार

मामले की गंभीरता को देखते हुए नरहट थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस घटना के हर संभावित पहलू की गहनता से जांच कर रही है। पीड़ित परिवार के लिखित बयान और आरोपों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। वहीं, मृतका के बेटे ने बताया कि उसके पिता दो दिन बाद साउथ अफ्रीका से वतन लौटेंगे, जिसके बाद ही मृतका का अंतिम संस्कार किया जाएगा।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट