1 February New Rule: आज से बदले गए कई नियम, सिगरेट-तंबाकू हुआ महंगा, हवाई यात्रा हो सकती है सस्ती, जानिए 6 बड़े बदलाव

1 February New Rule: आज से कई बड़े बदलाव किए गए हैं। सिगरेट-तंबाकू महंगा हो गया है। इस बदलाव का असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगी। आइए जानते हैं फरवरी में लागू हुए 6 बड़े बदलावों के बारे में..

आज से बदले कई नियम - फोटो : social media

1 February New Rule: नए साल के दूसरे महीने में हम प्रवेश कर चुके हैं। आज यानी 1 फरवरी 2026 से कई अहम वित्तीय नियम बदल गए हैं। इस बदलाव का असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगी। दरअसल, हर माह के पहली तारीख को कई अहम बदलाव होते हैं ऐसे में आज नए महीने के पहले दिन यानी 1 फरवरी से सिगरेट-तंबाकू की कीमतों, गैस सिलेंडर, वाहन चालकों, लोन लेने वालों और प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री पर बड़ा बदलाव किया गया है। आइए जानते हैं फरवरी में लागू हुए 6 बड़े बदलावों के बारे में.. इससे आपके जेब में क्या असर पड़ेगा।

1. सिगरेट और तंबाकू उत्पाद महंगे, GST 40% तक बढ़ा

1 फरवरी से पान मसाला, खैनी और गुटखा जैसे तंबाकू उत्पादों पर 40% GST लागू हो गया है। इससे पहले इन पर 28% GST के साथ कंपेंसेशन सेस लगता था। वहीं सिगरेट पर लंबाई के आधार पर नई एक्साइज ड्यूटी भी लागू की गई है, जो ₹2.05 से ₹8.5 प्रति स्टिक तक होगी। इसके अलावा सिगरेट पर भी 40% GST लगेगा। इस ‘टैक्स पर टैक्स’ व्यवस्था के चलते सिगरेट और तंबाकू उत्पादों की कीमतों में 15% से 40% तक बढ़ोतरी की आशंका है। हालांकि बीड़ी पर GST घटाकर 18% कर दिया गया है।

2. फास्टैग यूजर्स को KYV वेरिफिकेशन से राहत

नई कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय अब KYV (नो योर व्हीकल) प्रोसेस की जरूरत नहीं होगी। NHAI ने यह प्रक्रिया बंद कर दी है। साथ ही पहले से फास्टैग लगे वाहनों के लिए भी रूटीन KYV वेरिफिकेशन जरूरी नहीं होगा। अब केवल शिकायत मिलने की स्थिति में ही जांच की जाएगी।

3. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 50 रुपये तक महंगा

1 फरवरी से 19 किलो वाला कॉमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 49 रुपये बढ़कर ₹1740.50 हो गई है, जबकि चेन्नई में यह 50 रुपये बढ़कर ₹1899.50 प्रति सिलेंडर पहुंच गई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा कारोबार पर असर पड़ सकता है।

4. RBI की बैठक पर नजर, ब्याज दर घटने की उम्मीद

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की बैठक 4 से 6 फरवरी तक होगी। माना जा रहा है कि RBI रेपो रेट में 0.25% की कटौती कर सकता है। अगर ऐसा हुआ तो होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन की EMI सस्ती हो सकती है।

5. एविएशन फ्यूल सस्ता, हवाई टिकट हो सकते हैं सस्ते

तेल कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दाम करीब 1,000 रुपये प्रति किलोलीटर घटा दिए हैं। दिल्ली में ATF की कीमत घटकर ₹91,393.39 प्रति किलोलीटर हो गई है। इससे एयरलाइंस की लागत कम होगी और यात्रियों को हवाई टिकट सस्ते होने का फायदा मिल सकता है।

6. प्रॉपर्टी रजिस्ट्री के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य

उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में 1 फरवरी 2026 से संपत्ति की खरीद-बिक्री के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। रजिस्ट्री के दौरान खरीदार, विक्रेता और गवाहों को बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। इसका मकसद फर्जीवाड़े और बेनामी लेन-देन पर रोक लगाना है। केंद्र सरकार की योजना के तहत भविष्य में इसे पूरे देश में लागू किया जा सकता है। कुल मिलाकर फरवरी की शुरुआत कई अहम बदलावों के साथ हुई है, जिनका असर आम आदमी की जेब और रोजमर्रा की सुविधाओं पर साफ तौर पर देखने को मिलेगा।