दानापुर रेलमंडल के 15 स्टेशन होंगे हाईटेक, पटना, मोकामा, जहानाबाद सहित इन जगहों को बड़ी सौगात
रेल यात्रियों को आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराने की पहल के तहत दानापुर रेल मंडल के 15 स्टेशनों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है.
Rail News : दानापुर रेलमंडल ने अपने 15 प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना के तहत पटना जंक्शन, दानापुर रेलवे स्टेशन, राजेंद्रनगर टर्मिनल, मोकामा जंक्शन, बिहटा रेलवे स्टेशन और जहानाबाद रेलवे स्टेशन समेत अन्य स्टेशनों का कायाकल्प किया जाएगा। रेलवे की इस योजना के अनुसार, सभी प्लेटफॉर्म को फुट ओवरब्रिज से एस्केलेटर के जरिए जोड़ा जाएगा। इससे बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाकर 24 कोच वाली ट्रेनों के अनुरूप किया जाएगा, ताकि किसी भी कोच के प्लेटफॉर्म से बाहर रहने की समस्या खत्म हो सके। प्लेटफॉर्म की चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी, जिससे यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और ट्रेन आने-जाने के समय होने वाली अफरातफरी कम होगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर आधुनिक खान-पान स्टॉल, स्वच्छ शौचालय और पर्याप्त बैठने की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। हर प्लेटफॉर्म पर हेल्पलाइन सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां यात्रियों को ट्रेन की समय-सारिणी, टिकट और रिजर्वेशन से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान मिल सकेगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म के चौड़ा होने से बड़े वेटिंग एरिया, अतिरिक्त बेंच और शेल्टर लगाए जा सकेंगे। साथ ही, फायर सेफ्टी और इमरजेंसी निकासी के लिए भी बेहतर इंतजाम किए जाएंगे। एस्केलेटर की सुविधा मिलने से यात्रियों को भारी सामान के साथ सीढ़ियां चढ़ने की परेशानी से राहत मिलेगी और कोच तक पहुंचना पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा।