Bihar Ration Card: बिहार में राशन कार्ड से कटेंगे 18 लाख लोगों के नाम, पहले भी कट चुके हैं 12 लाख, कहीं सूची में आप भी तो नहीं...

Bihar Ration Card: बिहार में राशन कार्डधारियों की सूची में बड़े स्तर पर बदलाव किया जा रहा है। जांच के बाद लाखों परिवारों के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे लाभुकों के बीच हलचल मची हुई है।

18 लाख लोगों के कटेंगे नाम - फोटो : News4Nation

Bihar Ration Card: बिहार में राशन कार्ड से 18 लाख लोगों का नाम कटेगा। इससे पहले भी राशन कार्ड से 12 लाख लोगों का नाम कट चुका है। दरअसल, लंबे समय से राशन कार्डधारियों की सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव जारी है। पिछले कुछ महीनों में करीब 12 लाख परिवारों के नाम लाभुक सूची से हटाए जा चुके हैं, जबकि आने वाले दिनों में लगभग 18 लाख और परिवारों के नाम काटे जाने की तैयारी है। इस संबंध में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

18 लाख कटेंगे नाम 

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, केंद्र सरकार ने राज्य के 57 लाख राशन कार्डधारी परिवारों को संदिग्ध सूची में शामिल किया था। इन परिवारों की स्थानीय स्तर पर जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। अब तक इनमें से करीब 55 लाख परिवारों की जांच पूरी हो चुकी है। जांच के दौरान लगभग 36 लाख परिवार अयोग्य पाए गए हैं, जिनमें से 12 लाख परिवारों के नाम पहले ही सूची से हटाए जा चुके हैं। 

योग्य परिवार का सूची में नाम बरकरार

वहीं, शेष परिवारों को जांच में योग्य पाया गया है, जिनके नाम सूची में बरकरार रहेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही बरतने वाले अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) पर कार्रवाई की जा सकती है, जिसकी तैयारी भी की जा रही है। गौरतलब हो कि, केंद्र सरकार द्वारा तैयार संदिग्ध सूची में ऐसे कार्डधारियों को शामिल किया गया था, जिनके पास चारपहिया वाहन हैं, जो बड़ी कंपनियों में निदेशक पद पर हैं या आयकर दाता हैं।

इनका नाम हुआ शामिल

इसके अलावा, वे परिवार भी सूची में शामिल किए गए, जिन्होंने लंबे समय से जन वितरण प्रणाली के तहत राशन का उठाव नहीं किया है। वर्तमान में बिहार में करीब 2 करोड़ 10 लाख परिवार राशन कार्डधारी हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में पात्रता की जांच के बाद नाम हटाने की प्रक्रिया जारी है।