दीघा थाना परिसर में खड़ी जब्त पिकअप वैन से 2800 लीटर स्पिरिट बरामद, पुलिस महकमे में हड़कंप

थाना परिसर में खड़ी जब्त पिकअप वैन से 2800 लीटर स्पिरिट बरामद- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के दीघा थाना परिसर में बीते 16 जुलाई से ओवरलोडिंग के मामले में जब्त खड़ी एक पिकअप वैन की जब तलाशी ली गई, तो उससे 2800 लीटर अवैध स्पिरिट बरामद हुई। थाने के अंदर से इतनी बड़ी मात्रा में स्पिरिट मिलने की खबर सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। 


सदर अंचल अधिकारी (CO) की मौजूदगी में हुई इस सघन तलाशी के दौरान वैन से कुल 140 प्लास्टिक बाल्टियों में भरी स्पिरिट जब्त की गई, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।


परिवहन विभाग ने काटा था 29,500 का चालानमौका पाकर चालक हुआ था फरार 

मिली जानकारी के अनुसार, गत 16 जुलाई को परिवहन विभाग की टीम ने जेपी सेतु के नीचे वाहन चेकिंग के दौरान ओवरलोडिंग के आरोप में इस पिकअप वैन को जब्त किया था। विभाग द्वारा वाहन पर 29,500 रुपये का चालान काटा गया था, हालांकि इसका ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा था। इसके बाद वैन को सुरक्षार्थ दीघा थाने में लाकर खड़ा कर दिया गया था।


नोटीस के बावजूद नहीं आया मालिकमजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई तलाशी 

वाहन के थाने में लंबे समय तक खड़े रहने के बाद भी जब कोई मालिक या चालक सामने नहीं आया, तो पुलिस ने रजिस्ट्रेशन नंबर के पते पर नोटिस भेजा। इसके बावजूद किसी के उपस्थित न होने पर सदर अनुमंडल अधिकारी (SDO) ने सदर अंचल अधिकारी को मजिस्ट्रेट नियुक्त कर वाहन की विधिवत तलाशी के आदेश दिए। सोमवार को मजिस्ट्रेट की देखरेख में जब पिकअप की पड़ताल की गई, तो उसमें लदे डिब्बों से भारी मात्रा में स्पिरिट निकली।


चालक व मालिक पर एफआईआर दर्जआरोपियों की गिरफ्तारी को छापेमारी शुरू 

दीघा थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि जब्त पिकअप से कुल 2800 लीटर स्पिरिट बरामद की गई है। इस संबंध में वाहन के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है, साथ ही स्पिरिट के स्रोत और उसके नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।


अनिल की रिपोर्ट