Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा में आज पेश होंगे 6 अहम विधेयक, विपक्ष के भारी हंगामे के बीच होगी कार्रवाई, CAG रिपोर्ट भी सदन में रखेंगे मंत्री

Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा में 6 अहम विधेयक पेश होंगे। विपक्ष सरकार को घेरेगी। साथ ही सदन में आज CAG रिपोर्ट भी पेश की जाएगी। सदन की कार्यवाही अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है।

6 विधेयक होंगे पेश - फोटो : social media

Bihar Budget Session: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र जारी है। बजट सत्र का आज 18वां दिन है। 18वें दिन सदन में आज 6 महत्वपूर्ण विधेयक पेश होंगे। भोजनावकाश के बाद इन विधेयकों को सदन के पटल पर रखा जाएगा। वहीं आज विधानसभा की कार्यवाही में अल्पसूचित और तारांकित प्रश्न लिए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर ध्यानाकर्षण सूचनाओं के तहत सरकार जवाब देगी। सामान्य चर्चा के उपरांत इन्हें पारित किए जाने की संभावना है।

6 विधेयक होंगे पेश 

सरकार की ओर से जिन विधेयकों को पेश किया जाना है। उनमें बिहार जनविश्वास (प्रविधान संशोधन) विधेयक, बिहार अधिवक्ता कल्याण निधि (संशोधन) विधेयक तथा बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड (संशोधन) विधेयक शामिल हैं। इसके अलावा बिहार निजी व्यावसायिक शैक्षणिक संस्थान (नामांकन विनियमन एवं शुल्क निर्धारण) विधेयक, बिहार सूक्ष्म वित्त संस्थाएं विधेयक और बिहार सचिवालय सेवा (संशोधन) विधेयक भी सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे।

सरकार का दावा 

सरकार का कहना है कि इन विधेयकों को प्रशासनिक सुधार, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, अधिवक्ताओं के हितों की सुरक्षा, निजी शैक्षणिक संस्थानों में नामांकन और शुल्क नियंत्रण, सूक्ष्म वित्त संस्थाओं की निगरानी तथा सचिवालय सेवा से संबंधित प्रावधानों में आवश्यक संशोधन के उद्देश्य से लाया जा रहा है। सदन में विधेयकों पर चर्चा के दौरान पक्ष और विपक्ष के सदस्य अपने-अपने तर्क रखेंगे, जिसके बाद इन्हें पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

विधान परिषद में भी अहम कार्यवाही

वहीं, विधान परिषद में भी महालेखाकार से प्राप्त प्रतिवेदन की प्रति सदन में रखी जाएगी। प्रो. गुलाम गौस गैर-सरकारी सदस्यों के विधेयक एवं संकल्प संबंधी समिति की 215वीं रिपोर्ट सदन की मेज पर रखेंगे। ध्यानाकर्षण के तहत अशोक कुमार नवादा जिले की पांच नदियों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग सरकार के समक्ष उठाएंगे। इस मुद्दे पर परिषद में चर्चा होने की संभावना है।