Bihar News : सहरसा सदर अस्पताल में डॉक्टर और पत्रकार के बीच झड़प, जिलाधिकारी ने बैठाई उच्चस्तरीय जांच

Bihar News : सदर अस्पताल, सहरसा में चिकित्सक और रिपोर्टर के बीच हुई झड़प से संबंधित वीडियो के वायरल होने की सूचना पर डीएम ने घटना का संज्ञान लिया है.....पढ़िए आगे

डीएम ने लिया घटना का संज्ञान - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के सहरसा सदर अस्पताल में 12 सितंबर 2026 को ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. एस.के. आजाद और 'प्रभात खबर डिजिटल' के संवाददाता अभिषेक कुमार के बीच तीखी झड़प हो गई। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सहरसा के जिलाधिकारी दीपेश कुमार (IAS) ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने अस्पताल परिसर में हुई इस घटना पर गहरा दुख और नाराजगी जताते हुए इसे अत्यंत अनुचित व निंदनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस प्रकार का आचरण स्वीकार्य नहीं है। घटना की सत्यता, निष्पक्षता और वास्तविक कारणों की तह तक जाने के लिए जिलाधिकारी ने एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है।

गठित जांच समिति को निर्देश दिया गया है कि वह प्रत्यक्षदर्शियों, उपलब्ध साक्ष्यों, वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों की गहनता से समीक्षा करे। समिति द्वारा जांच रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल प्रबंधन को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 

उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, मरीजों, उनके परिजनों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय और मर्यादित व्यवहार बनाए रखा जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पक्षों और आम लोगों से शांति, संयम व सहयोग बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विवाद का असर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर नहीं पड़ना चाहिए और आम मरीजों के इलाज की व्यवस्था निर्बाध व सुचारू रूप से संचालित होती रहनी चाहिए।