पटना में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को मिलेगा नया आयाम

पटना में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जनसेवा
पटना में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान’ का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। अभियान को प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया है।


'आशीर्वाद का दीया’ से होगा शुभारंभ

इस अभियान की भव्य शुरुआत 17 सितंबर की संध्या ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगी। इसके तहत जिले के प्रमुख एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे सेवा, सद्भाव और सामाजिक सहभागिता का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा।


रचनात्मक और जागरूकता गतिविधियां

अभियान के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों में ‘विकसित भारत की संकल्पना’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं तथा अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) आयोजित की जाएगी। साथ ही, सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का उत्सव’ मनाया जाएगा, जिसमें माताओं और बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे।


सेवा सेतु’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम

नागरिकों को सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ देने के लिए ‘सेवा सेतु’ के अंतर्गत प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत तालाबों व छठ घाटों की सफाई, पौधरोपण और स्वच्छता से जुड़ी 25 प्रकार की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके अलावा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं एवं स्टार्टअप्स की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।


मार्च 2027 तक चलेगा कायाकल्प अभियान

मुख्य अभियान के साथ-साथ 17 सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ भी संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास और पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों के विकासात्मक कार्यों को गति दी जाएगी। जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त शुभम कुमार को इन सभी कार्यक्रमों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी है।


अनिल की रिपोर्ट