पूर्व मंत्री राजकुमार महासेठ की 8वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन, जुटे बिहार भर के गणमान्य

पुण्यतिथि पर याद किये गए पूर्व मंत्री राजकुमार महासेठ- फोटो : रंजन कुमार

Patna : राष्ट्रीय वैश्य महासभा की ओर से पटना के स्काडा बिजनेस सेंटर सभागार में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह सभा मिथिलांचल सहित पूरे बिहार के लोकप्रिय और चर्चित नेता रहे पूर्व मंत्री स्व. राजकुमार महासेठ जी की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और वैश्य समाज के बुद्धिजीवियों ने बड़ी संख्या में शिरकत कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


विरोधियों का भी सम्मान करते थे राजकुमार महासेठ: मंत्री अरुण शंकर प्रसाद

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि राजकुमार महासेठ जी बहुआयामी और विशाल व्यक्तित्व के धनी थे। वे राजनीति में वैचारिक मतभेदों के बावजूद अपने विरोधियों के प्रति भी हमेशा आदर, प्रेम और सहयोग का भाव रखते थे। वहीं, महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री समीर महासेठ ने अपने पिता को नमन करते हुए कहा कि वे केवल उनके पिता ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शक और गुरु भी थे। उन्होंने हमेशा बिना किसी समझौते के समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने और परोपकार को सर्वोपरि रखने की शिक्षा दी।


बीएचयू के छात्र से लेकर वार्ड पार्षद और मंत्री बनने तक का सफर

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ समाजवादी नेता रामचंद्र पूर्वे ने स्व. राजकुमार महासेठ के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी। इसके बाद उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत नगर पालिका के वार्ड पार्षद के रूप में की और अपनी मेहनत के बल पर वे कई बार बिहार विधान परिषद और विधानसभा के सदस्य चुने गए। उन्होंने बिहार सरकार में मंत्री के रूप में भी पूरी निष्ठा से जनता की सेवा की। इस दौरान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पी. के. चौधरी ने उन्हें संकल्प, साधना और समाज सेवा का एक महान विचार पुंज बताया।


बांकीपुर उपचुनाव में 'अबकी बार वैश्य परिवार' का नारा बुलंद

महासभा के चुनाव समिति अध्यक्ष इंजीनियर सुंदर साहू ने इस मौके पर राजनीतिक एकजुटता का आह्वान किया। उन्होंने वैश्य समाज से अपील करते हुए कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में सभी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर वैश्य समाज के उम्मीदवार को विजयी बनाने के लिए काम करें। उन्होंने "अबकी बार वैश्य परिवार" का नारा देते हुए समाज को बांकीपुर में मजबूती से उतरने को कहा। वहीं, प्रदेश युवा अध्यक्ष मंजीत आनंद साहू ने युवाओं की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राजकुमार जी का जीवन, जिन्होंने आजादी से पहले बीएचयू से पढ़ाई कर समाज, शिक्षा और व्यापार को आगे बढ़ाया, आज के युवाओं के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।


राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता समेत बिहार भर के कई दिग्गज रहे मौजूद

इस गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से ओबरा के विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा, बांकीपुर से राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष स्मिता पूर्वे, महासभा समन्वय समिति के चेयरमैन कमल नोपानी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हाकिम प्रसाद मौजूद रहे। इनके अलावा व्यावसायिक आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद कुमार निराला, अनंत कुमार गुप्ता, भूपाल भारती, अर्जुन चौधरी, ऋचा जोगमई, दुर्गेश पंजियार, मोनी गुप्ता, वैभव गुप्ता और बिहार के विभिन्न जिलों से आए वैश्य समाज के सैकड़ों पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


रंजन की रिपोर्ट