दानापुर में बेखौफ चोरों का तांडव: 8 लॉकर तोड़े, मर्चेंट नेवी अफसर के घर 25 लाख कि चोरी,CCTV का DVR ले गए

पपटना के दानापुर (रूपसपुर) में मर्चेंट नेवी के चीफ अधिकारी के बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना। 6 कमरों के 8 लॉकर तोड़कर 25 लाख की संपत्ति और ढाई लाख कैश ले उड़े। शातिर चोर सबूत मिटाने के लिए CCTV का DVR भी साथ ले गए।

danapur merchant navy officer house theft 25 lakh rupees
रूपसपुर में मर्चेंट नेवी चीफ के घर चोरी, ढाई लाख कैश और जेवरात गायब- फोटो : Reporter

पटना से सटे दानापुर स्थित रूपसपुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ बेखौफ बदमाशों ने मर्चेंट नेवी के एक चीफ अधिकारी के बंद घर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने घर से करीब 2.5 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात समेत कुल 25 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी वारदात के बाद से पूरे इलाके के निवासियों में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।


ससुराल जाते ही सूने मकान को बनाया निशाना

पीड़ित गृहस्वामी आकाश दीप, जो मर्चेंट नेवी में चीफ अधिकारी हैं, गोला रोड के रामजयपाल नगर में रहते हैं। वह बीते 11 जुलाई की शाम अपने घर पर ताला लगाकर सपरिवार ससुराल (पटना सिटी) गए थे। अगले ही दिन यानी 12 जुलाई को उनके मोबाइल पर घर के सीसीटीवी कैमरों का कनेक्शन कटने का अलर्ट मिला। जब वह 13 जुलाई की दोपहर वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।


आठ लॉकर तोड़कर उड़ाए नकद और जेवरात

घर में दाखिल होने के बाद बदमाशों ने इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के छह अलग-अलग कमरों में रखे गोदरेज के कुल आठ लॉकरों को बेरहमी से तोड़ डाला। इन लॉकरों में रखे ढाई लाख रुपये कैश और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेटकर चोर आसानी से फरार हो गए।


सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए चोर

शातिर चोरों ने पहचान से बचने और पुलिस को गुमराह करने के लिए सोची-समझी साजिश रची। उन्होंने घर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और अपने साथ कैमरों का डीवीआर (DVR) भी उखाड़ ले गए ताकि कोई वीडियो फुटेज न बचे। हालांकि, पुलिस को आशंका है कि आसपास की गलियों और मकानों में लगे बाहरी कैमरों में चोरों की संदिग्ध गतिविधियां जरूर रिकॉर्ड हुई होंगी।


डॉग स्क्वायड और एफएसएल की जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही रूपसपुर पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीमों से घटनास्थल की जांच कराई गई है। फिलहाल पुलिस को गृहस्वामी की ओर से लिखित शिकायत का इंतजार है, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज की जाएगी।