Bihar News : पटना के सरकारी स्कूल में एसडीएम के औचक निरीक्षण में बड़ा खुलासा, 236 की जगह 670 बच्चों का दिखाया फर्जी मिड-डे मील

Bihar News : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा प्रखंड से शिक्षा विभाग में जारी फर्जीवाड़े का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है.....पढ़िए आगे

मिड-डे मील में फर्जीवाड़ा - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : अनुमण्डल पदाधिकारी, बाढ़ कृष्णा जोशी, भा०प्र०से० के द्वारा दिनांक 07.09.2026 को अप० लगभग 12:57 बजे मोकामा प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय बरहपुर, प्रखंड मोकामा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय दयानिधि प्रसाद सिंह, प्रधानाध्यापक विद्यालय में उपस्थित नहीं पाए गए। उनके बारे में विद्यालय के अन्य शिक्षकों से पूछताछ करने पर संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया। 

विद्यालय में छात्रों की दैनिक उपस्थिति पंजी की जांच करने पर पाया गया कि छात्रों की उपस्थिति पंजी में दर्ज हीं नहीं किया गया है, जो गंभीर मामला पाया गया है। विद्यालय के शिक्षकों से छात्रों की उपस्थिति की गणना कराने पर विद्यालय में कुल 236 छात्र उपस्थित पाए गए थे। मध्याह्न भोजन योजना की जांच करने पर पाया गया कि प्रभारी राजेश प्रसाद के द्वारा दिनांक 07.09.2026 कि तिथि में मध्याह्न भोजन योजना के मोबाइल एप्प पर छात्रों की कुल उपस्थिति 236 के स्थान पर 670 दर्ज किया गया है। 

जब इस संबंध प्रभारी राजेश प्रसाद से पूछा गया कि ऐसा क्यों किया तो उनके द्वारा बताया गया कि विद्यालय के हीं शिक्षिका पूजा सिंह के द्वारा 670 उपस्थिति दर्ज करने बोला गया था, जब पूजा सिंह से यह पूछा गया तो उनके द्वारा बताया गया कि उन्हें प्रधानाध्यापक दयानिधि प्रसाद सिंह के द्वारा 236 के स्थान पर 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश मोबाइल पर दिया गया था। 

प्रधानाध्यापक से इस संबंध में स्पष्टीकरण पूछते हुए एक दिन का वेतन स्थगित करने का अनुशंसा किया गया है तथा संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है तो प्रधानाध्यापक के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय का निरीक्षण प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी पटना एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, पटना को अग्रेतर करवाई हेतु भेजा गया है।