खैनी थूकने झुका शख्स आया पटना-हावड़ा वंदे भारत की चपेट में, बाढ़ रेलवे स्टेशन पर दिल दहलाने वाला हादसा

Barh Patna-Howrah Vande Bharat accident- फोटो : news4nation

Barh Patna-Howrah Vande Bharat accident : पटना–मोकामा रेलखंड के बाढ़ रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना प्लेटफॉर्म संख्या-2 के पास डाउन लाइन पर पोल संख्या 480 के आसपास की बताई जा रही है।


मृतक की पहचान भदौर थाना क्षेत्र के लालपुरा गांव निवासी मिथिलेश यादव (35 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मिथिलेश यादव ट्रेन पकड़ने के लिए बाढ़ स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान वे खैनी थूकने के लिए प्लेटफॉर्म से झुककर रेलवे ट्रैक की ओर बढ़े।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसी समय पटना से हावड़ा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस तेज रफ्तार से वहां पहुंचने वाली है। जैसे ही उन्होंने झुककर खैनी थूकने की कोशिश की, ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं रेल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


रवि शंकर की रिपोर्ट