Bihar News : पटना में IDBI बैंक के निजीकरण और विदेशीकरण के खिलाफ अधिकारियों का महाजुटान, 2-3 नवंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का किया ऐलान

Bihar News : विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब पटना सिटी की ओर से हाजीगंज स्थित सर्वोदय इन्फेंट अकैडमी परिसर में एक भव्य पोलियो जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

हड़ताल का ऐलान - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : केंद्र सरकार द्वारा आईडीबीआई (IDBI) बैंक की 60.72% रणनीतिक हिस्सेदारी किसी विदेशी कंपनी को सौंपने के फैसले के विरोध में शनिवार को राजधानी पटना के गोला रोड स्थित होटल प्लास में बैंक अधिकारियों का एक विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया। ऑल इंडिया आईडीबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIIDBIOA), पटना ज़ोन इकाई द्वारा यूनाइटेड फोरम ऑफ आईडीबीआई ऑफिसर्स एंड एम्पलाइज (UFIOE) के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष आम सभा में सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पुरजोर आवाज उठाई गई।   

इस ऐतिहासिक आम सभा में बिहार और झारखंड क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं व प्रशासनिक कार्यालयों से पधारे 100 से अधिक बैंक अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सामान्य वर्ग, सुरक्षित वर्ग तथा दिव्यांगजन साथियों ने एक मंच पर आकर सरकार के इस फैसले के खिलाफ अपनी चट्टानी एकजुटता का प्रदर्शन किया। AIBOA बिहार स्टेट कमिटी के अध्यक्ष कॉमरेड ज्ञान प्रकाश ने जानकारी देते हुए कहा कि बैंक के अस्तित्व को बचाने की इस लड़ाई में पूरा बैंकिंग जगत लामबंद हो चुका है।   

सभा को संबोधित करते हुए AIIDBIOA के अध्यक्ष कॉमरेड सौरव कुमार ने केंद्र सरकार के रवैये की कड़ी निंदा की और आगामी 2 तथा 3 नवंबर 2026 को प्रस्तावित दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया। वहीं, AIIDBIOA के उपाध्यक्ष कॉमरेड बृजलाल कुमार ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि रणनीतिक बिक्री का फैसला जल्द वापस नहीं लिया गया, तो अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों के सहयोग से इस आंदोलन को और उग्र तथा व्यापक बनाया जाएगा।    

AIBOA बिहार के महासचिव कॉमरेड नदीम अख्तर और पूर्व महासचिव कॉमरेड डॉ. कुमार अरविन्द ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनका नेतृत्व इस न्यायपूर्ण संघर्ष में पूरी निष्ठा के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों के निजीकरण और विदेशीकरण के खिलाफ यह वैचारिक व मैदानी लड़ाई निरंतर जारी रहेगी। कार्यक्रम में कॉमरेड अंशु कुमार, कॉमरेड जय सिंह तथा कॉमरेड पंकज कुमार सहित कई प्रमुख वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।   

कार्यक्रम का समापन AIIDBIOA पटना ज़ोन के महासचिव कॉमरेड रौशन कुमार सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों से अपील की कि वे प्रबंधन या प्रशासन के किसी भी दबाव में आए बिना पूर्णतः एकजुट, निर्भीक और अनुशासित रहकर आगामी 2 और 3 नवंबर की दो दिवसीय हड़ताल को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।