श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर पटना में बनेगा भव्य पार्क, सीएम सम्राट चौधरी ने किया ऐलान

सीएम सम्राट ने कहा, भारतीय जनता पार्टी की कई पीढ़ियों से यह नारा चला आ रहा था कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे”, यह नारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दिया था।

Shyama Prasad Mukherjee- फोटो : news4nation

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) के अवसर पर अटल सभागार, भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए तथा उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।


उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्रहित, अखंड भारत और सांस्कृतिक स्वाभिमान के प्रति समर्पित जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी राष्ट्रसेवा और बलिदान को देश सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बाद यदि देश को एक करने वाले कोई नेता थे तो वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थे, जिन्होंने अखंड भारत के सपने को साकार किया। भारतीय जनता पार्टी की कई पीढ़ियों से यह नारा चला आ रहा था कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे”, यह नारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दिया था।


उन्होंने कहा कि जब इस देश में लोकतंत्र खतरे में था, तब जनसंघ के लोगों ने देश को बचाने के लिए अपनी पार्टी का विलय कर दिया। इसके बाद वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी का उदय हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकतंत्र को व्यवस्थित किया। वर्ष 2019 में भारत की जनता ने नरेंद्र मोदी को इतनी ताकत दी कि उन्होंने कश्मीर से धारा 370 को समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि हम लोगों के लिए देश पहले है, फिर व्यक्ति और उसके बाद पार्टी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1984 में जहां भाजपा के केवल 2 सांसद थे, वहीं वर्ष 2014 में 282 सांसद निर्वाचित हुए।


श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर पार्क

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष इसी दिन हम लोग डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के नाम पर एक भव्य नया पार्क लोगों को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में लगभग 27-28 पार्टियों का गठबंधन बना था और आज प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में भी लगभग 27-28 पार्टियों के गठबंधन की सरकार है। नरेंद्र मोदी को सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल हुआ है।


कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राधा मोहन सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, विधायक रत्नेश सदा, पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल, पूर्व विधायक पवन जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।