भूमिहार महिला समाज और गौरव राय की अनोखी पहल: मेधावी छात्रा काजल कुमारी को भेंट की गई साइकिल

भूमिहार महिला समाज और गौरव राय छात्रा को भेंट की साइकिल- फोटो : प्रिय दर्शन

Patna : पटना के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय द्वारा चलाए जा रहे सेवा अभियान के तहत गुरुवार को जहानाबाद जिले के इमलिया गांव निवासी काजल कुमारी (कक्षा 9वीं) को एक साइकिल भेंट की गई। काजल अपने गांव से 2 किलोमीटर दूर ट्यूशन पढ़ने जाती है, जिससे उसे आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।


दिवंगत मां की पुण्यतिथि पर बिक्रम के दिव्यकांत ने उपलब्ध कराई साइकिल

काजल को यह साइकिल बिक्रम (पटना) निवासी दिव्यकांत द्वारा अपनी दिवंगत माता स्वर्गीय सूरज मणि देवी (पत्नी- डॉ. रमाकांत शर्मा) की पुण्यतिथि के अवसर पर दानस्वरूप उपलब्ध कराई गई। गौरव राय ने बताया कि दिव्यकांत इससे पहले भी इस सामाजिक अभियान में दो सिलाई मशीनें सहयोग के रूप में दे चुके हैं।


भूमिहार महिला समाज उठा रहा है काजल की पढ़ाई का खर्च

काजल की पारिवारिक स्थिति काफी संघर्षपूर्ण है। उसके पिता गुजरात में एक दुर्घटना के बाद काम करने में असमर्थ हैं और परिवार में मां व एक भाई हैं। भूमिहार महिला समाज की संस्थापक प्रीति प्रिया की पहल से जब काजल के घर राशन पहुँचाया गया, तब उसकी पढ़ाई की मजबूरी का पता चला। वर्तमान में भूमिहार महिला समाज ही काजल की पूरी शिक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहा है।


विशेष अवसरों और पुण्यतिथि पर समाजसेवियों का मिल रहा साथ

गौरव राय ने बताया कि लोग अब अपने परिजनों की पुण्यतिथि, बच्चों के जन्मदिन या शादी की सालगिरह जैसे खास मौकों पर स्वेच्छा से जरूरतमंदों को साइकिल, सिलाई मशीन या राशन किट भेंट कर रहे हैं। बिना किसी एनजीओ (NGO) के संचालित इस अनूठे व्यक्तिगत अभियान के जरिए अब तक पूरे बिहार में 326 जरूरतमंदों को साइकिल उपलब्ध कराई जा चुकी है।


107 बार रक्तदान कर चुके हैं गौरव राय

एक निजी कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक के रूप में कार्यरत गौरव राय खुद अब तक 107 बार रक्तदान कर चुके हैं और लोगों को रक्तदान व सामाजिक कार्यों के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। उनका मानना है कि समाज को एक परिवार मानकर जरूरतमंदों की मदद करने में किसी प्रकार का संकोच नहीं होना चाहिए।


प्रिय दर्शन की रिपोर्ट