पटना में युवक ने खुद को गोली मारकर किया सुसाइड, कमरे से पिस्टल बरामद

पटना में युवक ने किया सुसाइड- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र से सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 22 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सैदपुर स्थित ख्याल गली के एक चार मंजिला मकान की है। जानकारी के अनुसार, युवक ने मकान की सबसे ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में अपने सिर में गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।


मृतक की पहचान राहुल कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र के मंदिरी इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि राहुल सोमवार को कदमकुआं के इस मकान में किसी परिचित से मिलने आया था। सूत्रों के मुताबिक, राहुल का इस घर में पहले से आना-जाना था। कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनकर घर के लोग सकते में आ गए और जब उन्होंने अंदर का नजारा देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।


वारदात की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल को सील कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन भी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस मृतक के परिजनों को सूचित कर उनसे पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।


टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की गई है। शुरुआती जांच और मौके के हालात को देखते हुए यह मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि युवक के पास पिस्टल कहां से आई और उसने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह उस वक्त किससे मिलने वहां पहुंचा था।


घटना की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। एफएसएल की टीम कमरे से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके। फिलहाल पुलिस मकान के सदस्यों और राहुल के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं।


अनिल की रिपोर्ट