पटना एयरपोर्ट पर हादसा ! भड़भड़ाकर टूटे टाइल्स, मचा हड़कंप, 11 महीने पहले पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन

11 महीने पहले प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी ने जिस पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया था वहां भड़भड़ाकर टाइल्स टूटने की एक घटना ने सबको हैरान कर दिया है.

Accident at Patna Airport- फोटो : news4nation

Patna Airport : पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के अराइवल क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक से भड़भड़ाकर टाइल्स टूटकर गिरने लगे. टर्मिनल के एक हिस्से की दीवार पर लगे टाइल्स अचानक से उखड़ कर जमीन पर गिर गए. इससे मामूली तौर पर एक सेफ्टी स्टील रॉड को नुकसान हुआ. वहीं गनीमत रही कि वहां मौजूद यात्री या किसी अन्य को टाइल्स गिरने से चोट नहीं आई. हालांकि अचानक से टाइल्स गिरने से वहां मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए हैरानी देखी गई क्योंकि उन्हें कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि ऐसा क्या हुआ जिससे टाइल्स टूटकर नीचे गिरे. 


दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 मई 2025 को पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया था. लगभग 1,200 करोड़ रुपये की लागत से बना यह आधुनिक टर्मिनल 65,150 वर्ग मीटर में फैला है, जो यात्रियों की क्षमता को सालाना 30 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ से अधिक कर देगा. यह 3 जून 2025 से परिचालन के लिए खोल दिया गया. ऐसे में मात्र 11 महीने बाद ही दीवार की टाइल्स टूटने से लोगों में यह सवाल भी उठा कि कहीं निर्माण गुणवत्ता की कमी तो नहीं रही.



विमान परिचालन प्रभावित नहीं 
टाइल्स टूटकर गिरने से विमान परिचालन, यात्रियों के आवागमन या अन्य प्रकार से कोई बाधा नहीं आई. यहां तक कि इससे किसी भी यात्री की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई. यात्रियों का आना-जाना लगा रहा जबकि तुरंत ही एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा टाइल्स को वहां से हटाया गया ताकि किसी भी यात्री को इससे अव्यवस्था का सामना ना करना पड़े.

29 मई 2025 को हुआ था उद्घाटन

टाइल्स टूटकर जमीन पर दूर तक बिखर गए.

टाइल्स टूटकर गिरते ही एयरपोर्ट कर्मियों ने उसे वहां से उठाकर हटाया. 
रंजीत की रिपोर्ट