डीएम सावन कुमार ने कोसी तटबंध के कटाव निरोधक कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया विशेष जोर

Supaul:एजेंडा-1 के तहत पूर्वी कोसी तटबंध के किलोमीटर 2.80 से 3.35 तथा किलोमीटर 4.00 से 5.30 के बीच जियो बैग स्लोप पिचिंग का कार्य पूर्ण पाया गया।एजेंडा-2 के अंतर्गत 20.50 से 22.70 किमी के लूप भाग में जियो बैग ऐज क्रेटिंग का कार्य पूर्ण पाया गया..

डीएम सावन कुमार ने कोसी तटबंध के कटाव निरोधक कार्यों का किया

Supaul : जिले में कोसी नदी के कटाव से तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चल रहे कटाव निरोधक कार्यों का  जिलाधिकारी सावन कुमार ने स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीरपुर स्थित पूर्वी कोसी तटबंध प्रमंडल-2 के अंतर्गत 0 से 40 किलोमीटर क्षेत्र में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया और कार्यों की गुणवत्ता तथा प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध के कई महत्वपूर्ण हिस्सों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अभियंताओं से कार्य की स्थिति की जानकारी ली। एजेंडा-1 के तहत पूर्वी कोसी तटबंध के किलोमीटर 2.80 से 3.35 तथा किलोमीटर 4.00 से 5.30 के बीच जियो बैग स्लोप पिचिंग का कार्य पूर्ण पाया गया। यह कार्य तटबंध की मजबूती बढ़ाने और कटाव को रोकने के उद्देश्य से किया गया है।


इसके अलावा किलोमीटर 8.70 से 9.50 के लूप भाग में प्रोकॉपाइन संरचना का कार्य प्रगति पर पाया गया। यह तकनीक नदी के बहाव को नियंत्रित करने और तटबंध के किनारों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अभियंताओं को निर्देश दिया कि इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।


वहीं एजेंडा-2 के अंतर्गत किलोमीटर 20.50 से 22.70 के लूप भाग में जियो बैग ऐज क्रेटिंग का कार्य पूर्ण पाया गया। इस तकनीक के माध्यम से तटबंध के किनारों को अतिरिक्त मजबूती प्रदान की जाती है। इसी क्षेत्र में किलोमीटर 20.20 तथा 20.50 के लूप भाग में प्रोकॉपाइन का कार्य अभी जारी मिला, जिसकी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मानसून से पहले सभी कटाव निरोधक कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि तटबंध की मजबूती और सुरक्षा से हजारों लोगों की सुरक्षा जुड़ी हुई है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा और तकनीकी मानकों के अनुसार ही निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अभियंताओं को नियमित रूप से कार्य की निगरानी करने और प्रगति की रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा।


प्रशासन की ओर से उम्मीद जताई गई है कि समय पर इन कार्यों के पूरा होने से मानसून के दौरान कोसी नदी से होने वाले संभावित कटाव से तटबंध और आसपास के इलाकों को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।


निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट