शेयर बाजार में दोगुना मुनाफे का लालच देकर 4 करोड़ की ठगी, आरोपी श्रीधर पाठक गिरफ्तार

राजधानी पटना में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ रुपये ठगी करने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शख्स का नाम श्रीधर पाठक है और आरोप है कि यह पैसा दुगुना करने के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाता था.....

4 करोड़ की ठगी का आरोपी श्रीधर पाठक गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक श्रीधर पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, जहां गहन पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


अस्थायी दफ्तर खोलकर बिछाया था ठगी का जाल

जांच में सामने आया है कि आरोपी श्रीधर पाठक पटना के विभिन्न इलाकों में अस्थायी रूप से दफ्तर (ऑफिस) खोलता था। वह भोले-भाले लोगों को शेयर बाजार में निवेश करने पर बेहद कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देता था। इस झांसे में आकर बड़ी संख्या में लोगों ने आरोपी के पास लाखों-करोड़ों रुपये जमा कर दिए। प्राथमिक जांच के अनुसार ठगी की कुल रकम 4 करोड़ रुपये या उससे अधिक आंकी जा रही है।


ठगी के पैसों का जमीन कारोबार में किया इस्तेमाल

पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी ने निवेशकों से ली गई रकम को जमीन की खरीद-बिक्री (रियल एस्टेट) के कारोबार में लगाया था। आरोपी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कई अन्य पीड़ित भी कोतवाली थाने पहुंचे और श्रीधर पाठक के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई।


इनकम टैक्स और ईओयू (EOU) के कोण से भी जांच शुरू

कोतवाली विधि-व्यवस्था एसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। पीड़ितों के कई आवेदन मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जांच में इनकम टैक्स विभाग और आर्थिक अपराध इकाई (Economic Offences Unit) से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया जा रहा है।


पुलिस फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि ठगी के नेटवर्क में शामिल अन्य सहयोगियों, कुल निवेशकों की संख्या और ठगी की वास्तविक राशि का पूरा ब्योरा सामने आ सके।


अनिल की रिपोर्ट