बिहार में इन दो वरिष्ठ आईएएस को अतिरिक्त प्रभार, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

बिहार सरकार ने विभागीय कार्य से त्वरित निष्पादन के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है....

Patna : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। विभागीय कार्रवाई के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और जांच प्रक्रिया को गति देने के लिए दोनों अधिकारियों को जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।


2006 बैच के आईएएस संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी को जिम्मेदारी

वर्ष 2006 बैच के आईएएस अधिकारी संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी (वर्तमान में सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग) को जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे वर्तमान में प्रबंध निदेशक (पटना मेट्रो रेल निगम लिमिटेड), सचिव (अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग), मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (महादलित विकास मिशन) तथा प्रबंध निदेशक (बिहार राज्य अनुसूचित जाति सहकारिता विकास निगम लिमिटेड) के प्रभार में भी हैं।


2010 बैच के आईएएस कौशल किशोर को भी मिला नया प्रभार

वहीं वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी कौशल किशोर (सचिव, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग) को भी जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे वर्तमान में प्रबंध निदेशक (बिहार राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड-बेलट्रॉन) के अतिरिक्त प्रभार में भी कार्यरत हैं।


विभागीय कार्यवाहियों के त्वरित निष्पादन का उद्देश्य

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 23 जुलाई 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में लंबित अनुशासनिक और प्रशासनिक जांच के मामलों का तेजी से निपटारा करना है, ताकि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुचिता बनी रहे।