Bihar Politics: 19 साल बाद बदल जाएगा सीएम नीतीश का ठिकाना! अब लालू यादव के बनेंगे पड़ोसी, नए घर से होगा नया सियासी खेला...

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ठिकाना अब बदल जाएगा। करीब 19 साल बाद सीएम नए घर में शिफ्ट होंगे। सीएम का नया ठिकाना 7 सर्कुलर रोड होगा यानी सीएम लालू के पड़ोसी बनेंगे।

19 साल बाद बदल जाएगा ठिकाना - फोटो : News4nation

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भले ही अभी सीएम पद से इस्तीफा ना दिया हो लेकिन उनके शिफ्टिंग का काम शुरु हो गया है। शनिवार को जब सीएम आवास के बाहर मीटिंग हो रही थी तभी एक अलग नाजारा देखने को मिला। सीएम आवास 1 अणे मार्ग से एक ट्रैक्टर निकला और 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास के अंदर चला गया है। जिसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई। माना जा रहा है कि सीएम नीतीश का सामान एक अणे मार्ग से शिफ्ट हो रहा है। सीएम नीतीश 14 अप्रैल तक सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। चूकि एक अणे मार्ग आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास है तो नीतीश कुमार को इस्तीफा देने के बाद तुरंत बाद इस आवास को खाली करना होगा। 

19 साल बाद बदलेगा नीतीश का ठिकाना 

बता दें कि, 2005 से सीएम नीतीश लगातार मुख्यमंत्री बने हुए हैं। हालांकि 2014 में 6 महीने के लिए नीतीश कुमार ने सीएम पद छोड़ दिया था और तब भी वो 7 सर्कुलर रोड में ही रहे थे। वहीं अब 19 साल बाद एक बार फिर सीएम नीतीश का ठिकाना बदल रहा है। सीएम नीतीश अब एक बार फिर 7 सर्कुलर रोड रहेंगे। बीते दिन उन्होंने दिल्ली में राज्यसभा सांसद के रुप में शपथ लिया। शपथ लेने के बाद देर शाम वो पटना लौटे। आज सुबह से ही सीएम नीतीश अपने आवास पर जदयू नेताओं के साथ बैठक भी की। बैठक के बीच में ही तस्वीर सामने आई की सीएम नीतीश का सामान शिफ्ट होने लगा है। 

लालू यादव के पड़ोसी होंगे नीतीश कुमार

मालूम हो कि 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट होने के बाद सीएम नीतीश राजद सुप्रीमो लालू यादव के पड़ोसी हो जाएंगे। नीतीश कुमार के घर से दो घरों के बाद ही राबड़ी आवास है। जहां लालू परिवार रहता है। जानकारी अनुसार 7 सर्कुलर रोड स्थित बंगला नीतीश कुमार की देखरेख में तैयार कराया गया था और इसे भूकंप रोधी तरीके से बनाया गया है। हाई सिक्योरिटी जोन में स्थित इस आवास में सीसीटीवी निगरानी, विशेष सुरक्षा व्यवस्था, VIP बेडरूम, मीटिंग हॉल, बड़ा लॉन, तालाब और गेस्ट वेटिंग एरिया जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।

14 अप्रैल को इस्तीफा देंगे नीतीश      

सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जबकि 15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार के गठन की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले 10 अप्रैल को वे राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ले चुके हैं। सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद जो नए मुख्यमंत्री होंगे वो 1 अणे मार्ग में शिफ्ट होंगे। सीएम नीतीश का नया ठिकाना कई मायनों में अहम माना जा रहा है। राजनीतिक रूप से भी 7 सर्कुलर रोड का खास महत्व रहा है। 2014 में मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद नीतीश यहीं शिफ्ट हुए थे और इसी बंगले से उन्होंने दोबारा सत्ता में वापसी की रणनीति बनाई थी। 

7 सर्कुलर रोड से खास लगाव 

बताया जाता है कि नीतीश कुमार का नंबर 7 से खास लगाव रहा है, चाहे वह उनकी राजनीतिक शुरुआत हो या योजनाओं का नाम “7 निश्चय” रखना। राजनीतिक जानकारों की मानें तो दो दशकों से बिहार की सत्ता का केंद्र रहा 1 अणे मार्ग अब खाली हो रहा है। ऐसे में नीतीश कुमार का 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट होना उनकी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। एनडीए का दावा है कि सीएम नीतीश के मार्गदर्शन में ही नई सरकार काम करेगी यानी अब 7 सर्कुलर रोड से ही नई सियासी कथा लिखी जाएगी।