कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कदमकुआं और लोहानीपुर इलाके का किया दौरा, स्थानीय लोगों से एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा के लिए मांगा वोट

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सभी दलों द्वारा अब चुनाव प्रचार तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में बुधवार बीजेपी के वरिष्ठ नेता व कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने लोहानीपुर इलाके का भ्रमण कर एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा के लिए चुनाव प्रचार किया....

कृषि मंत्री विजय सिन्हा लोहानीपुर इलाके का किया दौरा- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार सरकार के कृषि मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने आज कदमकुआं मंडल के पश्चिमी लोहानीपुर शक्ति केंद्र का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद साधा और क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया।


राजपूताना मैदान में आयोजित जनसभा को किया संबोधित

शक्ति केंद्र भ्रमण के पश्चात विजय कुमार सिन्हा लोहानीपुर स्थित राजपूताना मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए स्थानीय जनता से उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की भावुक अपील की।


केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख

जनसभा को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा के स्पष्ट संकल्प के साथ जनता के बीच खड़ी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।


कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क तेज करने का आह्वान

श्री सिन्हा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर एनडीए सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी दें। उन्होंने प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर हर मतदाता तक पहुंचने का निर्देश दिया।


विकसित और आत्मनिर्भर बिहार का दोहराया संकल्प

अपने संबोधन के समापन में कृषि मंत्री ने विश्वास जताया कि जनता का अटूट भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम एनडीए की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने दोहराया कि एनडीए का मुख्य लक्ष्य बिहार को एक विकसित, समृद्ध और पूर्णतः आत्मनिर्भर राज्य बनाना है, जिसके लिए क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

नरोत्तम की रिपोर्ट