भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 152.7 लीटर नेपाली शराब और वॉकी-टॉकी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 152.7 लीटर नेपाली श
नेपाली शराब और वॉकी-टॉकी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी और भीमनगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। इस दौरान टीम ने दो शातिर शराब तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उनके पास से 152.7 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की।


कटेया सीमा चौकी के पास QRT ने घेराबंदी कर पकड़ी स्कॉर्पियो

सीमा चौकी कटेया क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 207/6 के समीप भारतीय सीमा में प्रवेश कर रही एक संदिग्ध महिंद्रा स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन एसएसबी की क्विक रिएक्शन टीम (QRT) ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी को घेरकर रोक लिया और तलाशी के दौरान शराब की बड़ी खेप जब्त की।


वॉकी-टॉकी और मोबाइल जब्त, आरोपी पूर्व से भी हैं दागी

गाड़ी की तलाशी में शराब के साथ दो मोबाइल फोन और एक वॉकी-टॉकी सेट भी बरामद किया गया। पकड़े गए तस्करों की पहचान सुपौल जिले के लालपुर निवासी चंदन कुमार यादव और अभिनंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहे थे।


जब्त सामान और तस्करों को भीमनगर पुलिस के किया हवाले

आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत एसएसबी ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों, जब्त स्कॉर्पियो, मोबाइल और वॉकी-टॉकी को आगे की कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना पुलिस को सौंप दिया है। भीमनगर पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ मदनिषेध कानून की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।


सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान: कमांडेंट

एसएसबी 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर किसी भी प्रकार की तस्करी और अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए पुलिस व अन्य एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट हैं और ऐसे छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट