Patna News: अक्षरा सिंह ने निशांत कुमार से की खास मुलाकात, मुलाकात ने बढ़ाई सियासी गर्मी, पटना में सियासत और सिनेमा का संगम

Patna News:भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की।...

अक्षरा सिंह ने की निशांत कुमार से खास मुलाकात- फोटो : social Media

Patna News:बिहार की राजनीति और भोजपुरी इंडस्ट्री का दिलचस्प मेल शनिवार को पटना में देखने को मिला, जब भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं और सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

अक्षरा सिंह ने बताया कि पटना पहुंचने के बाद वह सीधे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास गईं। वहां उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। मुलाकात के दौरान बिहार की राजनीति, भोजपुरी फिल्मों के निर्माण और क्षेत्रीय भाषाओं के विकास जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई।

इस मुलाकात की जानकारी खुद निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने लिखा कि बिहार की बेटी और भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अक्षरा सिंह से उनके आवास पर सौजन्य मुलाकात हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार की तरक्की और बिहारी भाषाओं की फिल्मों को आगे बढ़ाने को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

सूत्रों के मुताबिक बातचीत के दौरान भोजपुरी इंडस्ट्री की मौजूदा स्थिति और बिहार में फिल्म निर्माण के बेहतर माहौल पर खास जोर दिया गया। अक्षरा सिंह ने कहा कि भोजपुरी सिनेमा अब सिर्फ बिहार और यूपी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देश और विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना चुका है। हालांकि इंडस्ट्री को अभी भी मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी सहयोग की जरूरत है।

वहीं निशांत कुमार ने भी बिहार की सांस्कृतिक विरासत को बेहद समृद्ध बताते हुए कहा कि भोजपुरी, मगही और मैथिली जैसी भाषाओं को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती देने की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्रीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

मुलाकात के दौरान अक्षरा सिंह ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत पर भी खुशी जाहिर की और सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं। उनका यह बयान अब राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है। अक्षरा सिंह ने यह भी कहा कि युवाओं को नए स्वास्थ्य मंत्री से काफी उम्मीदें हैं और उन्हें भरोसा है कि बिहार के स्वास्थ्य विभाग में आने वाले दिनों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।