Bihar Watermelon Poisoning:सेहत पर भारी पड़ा तरबूज खाना,बिहार में एक ही परिवार के 8 लोग बीमार, उल्टी-दस्त से मचा हड़कंप

Bihar Watermelon Poisoning:गर्मी के मौसम में राहत देने वाला रसीला फल तरबूज अब बिहार में एक परिवार के लिए आफत बन गया।...

Watermelon Turns Toxic 8 Family Members Hospitalised with Fo
तरबूज बना मीठा जहर- फोटो : X

Bihar Watermelon Poisoning: गर्मी के मौसम में राहत देने वाला रसीला फल तरबूज अब बिहार में एक परिवार के लिए आफत बन गया। औद्योगिक थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव में तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के आठ लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, परिवार ने दोपहर के समय बाजार से लाया गया तरबूज खाया था। कुछ ही घंटों के भीतर बच्चों समेत सभी सदस्यों को तेज पेट दर्द, उल्टी, दस्त और घबराहट की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ते देख परिजन और पड़ोसियों की मदद से सभी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल लाए गए मरीजों में से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे इमरजेंसी से ही हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जबकि सात लोगों का इलाज सदर अस्पताल में किया गया। इनमें से पांच मरीजों की स्थिति में सुधार हो चुका है, लेकिन दो महिलाओं को अभी भी निगरानी में रखा गया है। इंद्रासन साह की पत्नी लीलावती देवी को पेट दर्द की शिकायत बनी हुई है, जबकि उनकी पुत्री गीता देवी की हालत में राहत देखी गई है।

इस घटना के बाद डॉक्टर  ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड इंस्पेक्टर को जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर तरबूज में ऐसा क्या था जिससे एक ही परिवार के इतने लोग अचानक बीमार पड़ गए। प्राथमिक आशंका यह जताई जा रही है कि तरबूज को जल्दी पकाने या लाल दिखाने के लिए नाइट्रेट, एरिथ्रोसिन जैसे कृत्रिम रंग या कैल्शियम कार्बाइड जैसे रसायनों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे केमिकल शरीर में पहुंचकर गंभीर फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा लंबे समय तक कटे हुए या खुले में रखे तरबूज में बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं, जो संक्रमण को और खतरनाक बना देते हैं।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पटना के आईजीआईएमएस के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ रोहित उपाध्याय ने बताया कि बाजार से खरीदे गए फल, खासकर तरबूज जैसे पानी वाले फल, को बिना जांच के नहीं खाना चाहिए।

आईजीआईएमएस के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ रोहित उपाध्याय के अनुसार  तरबूज खरीदने और सेवन को लेकर कुछ जरूरी सावधानियां भी बताई हैं। यदि तरबूज बहुत ज्यादा चमकीला लाल दिखे या उसमें असामान्य छेद हों, तो वह इंजेक्शन या केमिकल युक्त हो सकता है। ऐसे फल का सेवन बिल्कुल न करें। अगर तरबूज का टुकड़ा पानी में डालने पर पानी लाल हो जाए, तो उसमें कृत्रिम रंग की संभावना होती है। साथ ही सतह पर सफेद पाउडर या धूल दिखने पर उसे अच्छी तरह धोना चाहिए, क्योंकि यह कीटनाशक हो सकता है।

आईजीआईएमएस के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ रोहित उपाध्याय ने यह भी सलाह दी है कि तरबूज को खरीदने के बाद कुछ समय ठंडे पानी में भिगोकर रखना चाहिए, ताकि उसकी बाहरी गर्मी और संभावित रसायन कम हो सकें। कटे हुए तरबूज को लंबे समय तक खुले में नहीं रखना चाहिए और हमेशा ढककर फ्रिज में स्टोर करना चाहिए। फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में चिंता बढ़ा दी है और लोग अब बाजार से फल खरीदने में ज्यादा सतर्कता बरत रहे हैं।