बिहार सरकार के मंत्रियों को मिले नए आशियाने: सम्राट चौधरी रहेंगे 5 देशरत्न मार्ग में, तो श्रेयसी सिंह को मिला 4 स्ट्रैंड रोड; देखें सूची
Patna - मंत्रिमंडल सचिवालय ने जारी की अधिसूचना बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने राज्य कैबिनेट के मंत्रियों के लिए सरकारी आवास (बंगलों) की नई आवंटन सूची जारी कर दी है। विभाग द्वारा जारी दो अलग-अलग आदेशों में नवनियुक्त मंत्रियों को पटना केंद्रीय पूल से आवास आवंटित किए गए हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री और कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के पूर्व से धारित आवासों को विनियमित (Regularize) किया गया है। यह आदेश 20 नवंबर 2025 के प्रभाव से लागू माना जाएगा।
डिप्टी सीएम और वरिष्ठ मंत्रियों के पते जारी सूची के अनुसार, राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्रियों के लिए बंगले निर्धारित कर दिए गए हैं। गृह विभाग संभाल रहे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को '5, देशरत्न मार्ग' आवंटित किया गया है, जो उपमुख्यमंत्री हेतु चिह्नित है।
वहीं, दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा (राजस्व एवं भूमि सुधार) अब '3, स्ट्रैंड रोड' स्थित आवास में रहेंगे। इसके अलावा, वरिष्ठ मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव (ऊर्जा विभाग) को '1, स्ट्रैंड रोड' और विजय कुमार चौधरी (जल संसाधन) को '5, सर्कुलर रोड' का बंगला मिला है।
श्रेयसी सिंह और राम कृपाल यादव को मिले ये बंगले नई सूची में कई प्रमुख चेहरों के पते भी सामने आए हैं। खेल एवं सूचना प्रावैधिकी मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह को '4, स्ट्रैंड रोड' आवंटित किया गया है। उद्योग मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल '2, स्ट्रैंड रोड' में रहेंगे। वहीं, कृषि मंत्री राम कृपाल यादव को '43, हार्डिंग रोड' और श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह 'टाइगर' को '41, हार्डिंग रोड' आवंटित किया गया है। पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद का नया पता '25, हार्डिंग रोड' होगा।
स्वास्थ्य, शिक्षा और पथ निर्माण मंत्रियों के आवास महत्वपूर्ण विभागों के मंत्रियों के आवासों की स्थिति भी स्पष्ट कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय '4, टेलर रोड' स्थित आवास में रहेंगे, जबकि पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन उनके पड़ोस में '3, टेलर रोड' में रहेंगे। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार का आवास '26 A, हार्डिंग रोड' तय किया गया है। ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी को '2, पोलो रोड' और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह को '15, सर्कुलर रोड' आवंटित किया गया है।
हार्डिंग रोड और अन्य प्रमुख आवंटन पटना के हार्डिंग रोड पर कई मंत्रियों को आवास मिला है। इनमें पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री सुरेन्द्र मेहता (33, हार्डिंग रोड), आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद (12, हार्डिंग रोड), और सहकारिता मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार (27, हार्डिंग रोड) शामिल हैं। इसके अलावा, अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन को '26 M, स्ट्रैंड रोड' और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को '24 M, स्ट्रैंड रोड' आवंटित किया गया है।