जेडीयू विधायकों और विधान पार्षदों के लिए 18 सितंबर को होगा ओरिएंटेशन कार्यक्रम, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार करेंगे उद्घाटन

जेडीयू MLA-MLC के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम- फोटो : अभिजीत

Patna : जनता दल यूनाइटेड द्वारा पार्टी के विधायको और विधान पार्षदों के लिए 18 सितंबर को एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस बात की जानकारी बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने दी है। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को पार्टी मुख्यालय परिसर स्थित कर्पूरी सभागार में जेडीयू के सभी विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के लिए एक विशेष ओरिएंटेशन (प्रशिक्षण) कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।


पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार करेंगे उद्घाटन

राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि इस महत्वपूर्ण ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार करेंगे। इस कार्यक्रम में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, विधायक और विधान पार्षद मौजूद रहेंगे।


विधायी जिम्मेदारियों, बजट और अर्थव्यवस्था पर होगा गहन मंथन

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कुल पांच महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से विधायी जिम्मेदारियों, कानून निर्माण की प्रक्रिया, बजट और बिहार की अर्थव्यवस्था जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी ताकि जनप्रतिनिधि अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकें।


जनप्रतिनिधियों को मिलेगी विधायी प्रक्रिया की पूरी जानकारी

कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधियों को विधानसभा और विधान परिषद की कार्यप्रणाली तथा विधायी प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य पार्टी के सभी विधायकों और विधान पार्षदों को सदन की कार्यवाही और नियमों के बारे में पूरी और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना है।


प्रश्नोत्तर सत्र के जरिए होगी विशेष चर्चा और ट्रेनिंग

कार्यक्रम के दौरान एक विशेष 'प्रश्नोत्तर सत्र' (इंटरएक्टिव सेशन) का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों को अपनी शंकाओं के समाधान का अवसर मिलेगा। इस दौरान विधायक और विधान पार्षद विशेषज्ञों से सवाल पूछकर अपनी ट्रेनिंग को और अधिक उपयोगी बना सकेंगे।


अभिजीत की रिपोर्ट