बाहुबली अनंत सिंह बिहार विधानसभा पहुंचते ही कानून व्यवस्था पर खूब बोले, निशांत के जन्मदिन पर बड़ा ऐलान

बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के विरोध और सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी अनंत सिंह ने प्रतिक्रिया दी। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत के जन्मदिन पर भी उनसे मिलने की बात कही.

Anant Singh at Bihar Assembly - फोटो : news4nation

Anant Singh at Bihar Assembly : बिहार विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन मोकामा विधायक अनंत सिंह भी विधानसभा पहुंचे। सदन परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। अनंत सिंह ने कहा कि वह जल्द ही निशांत कुमार से मुलाकात कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई देंगे। 


बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के विरोध और सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी अनंत सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्ष के प्रदर्शन को अनुचित बताते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता करने जैसी कोई बात नहीं है। उनके मुताबिक बिहार में स्थिति नियंत्रण में है और इस मुद्दे पर अनावश्यक राजनीति नहीं होनी चाहिए।


कार्यवाही स्थगित 

विधानसभा का मानसून सत्र 20 से 24 जुलाई तक चलेगा। सोमवार को सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने शोक प्रस्ताव पढ़ा। इसके बाद सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की स्मृति में कुछ देर का मौन रखा। शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।


हालांकि, कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर हंगामा किया। विपक्ष ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। राजद विधायक आलोक मेहता और भाई वीरेंद्र ने सदन में खड़े होकर नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा में कथित गड़बड़ियों से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इस मुद्दे पर कुछ देर तक सदन में शोर-शराबा हुआ। विधानसभा अध्यक्ष के समझाने के बाद विपक्षी विधायक शांत हुए।


पहली बार ऑनलाइन सूचनाएं

सत्र के दौरान विधायकों की सुविधा के लिए विधानसभा में नई डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। पहली बार शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों से जुड़ी सूचनाएं ऑनलाइन जमा करने की सुविधा दी गई है। विधायक सुबह 8 बजे से 9 बजे तक शून्यकाल की सूचनाएं और सुबह 9 बजे से 10 बजे तक ध्यानाकर्षण प्रस्तावों से संबंधित सूचनाएं ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे।


कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी

पांच दिनों का यह मानसून सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। राजद, कांग्रेस और वाम दलों ने राज्य में हालिया आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की है। भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर और रिशु श्री मामले समेत अन्य घटनाओं को लेकर विपक्ष सरकार से जवाब मांग सकता है। इसके अलावा बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे भी सदन में उठने की संभावना है। ऐसे में मानसून सत्र के आने वाले दिनों में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है।