बाहुबली अनंत सिंह ने जिस अनुज सिंह का किया समर्थन प्रशांत किशोर ने दिया एमएलसी टिकट, 3 उम्मीदवार घोषित
जन सुराज ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह को अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है। जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अनुज सिंह को समर्थन देने का पहले ही ऐलान कर रखा है।
Bihar MLC Election : बिहार विधान परिषद के आगामी शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी ने तीन और समर्थित प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी की ओर से 24 सितंबर को जारी सूची में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ. विमोहन कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण झा को प्रत्याशी बनाया गया है।
पटना स्नातक सीट से डॉ. अनुज सिंह को मौका
जन सुराज ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह को अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है। यह सीट इस बार के विधान परिषद चुनाव की प्रमुख सीटों में शामिल है। जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अनुज सिंह को समर्थन देने का पहले ही ऐलान कर रखा है। मौजूदा पटना स्नातक एमएलसी नीरज कुमार का अनंत सिंह विरोध कर रहे हैं। नीरज कुमार को जदयू ने फिर से उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में जिस शख्स के समर्थन में बाहुबली अनंत सिंह हैं उसे जनसुराज ने उम्मीदवार बनाया है।
तिरहुत की दोनों सीटों पर भी उम्मीदवार तय
पार्टी ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. विमोहन कुमार को मैदान में उतारा है। वहीं तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण झा जन सुराज के समर्थित प्रत्याशी होंगे।
पीके के 8 उम्मीदवार तय
वहीं जन सुराज की ओर से पहले घोषित पांच उम्मीदवारों के बाद इन तीन नामों के ऐलान के साथ पार्टी ने आठों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। जन सुराज ने इससे पहले पांच निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की थी। इनमें पटना शिक्षक से डॉ. दिव्या ज्योति, दरभंगा शिक्षक से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक से अफाक अहमद और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन के नाम शामिल हैं।