Anant Singh daughter wedding: अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होंगे बृजभूषण सिंह, बोले- 'वे हमारी बिरादरी के हैं'
Anant Singh daughter wedding: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह शामिल होंगे। नदवां गांव में 10 बीघे में पंडाल तैयार हो रहा है। शादी 25 नवंबर को होगी।
Anant Singh daughter wedding: बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों चर्चा में है। शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्ड बांटने से लेकर भव्य पंडाल तैयार करने तक का काम जारी है। इस बीच शादी में आने वाले मेहमानों को लेकर भी चर्चा हो रही है। बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह ने खुद बताया है कि वह शिवांगी की शादी में शामिल होंगे।
बृजभूषण सिंह बोले- अनंत सिंह ने प्यार से बुलाया है
बृजभूषण सिंह ने कहा, "अनंत सिंह हमारी बिरादरी के हैं। उन्होंने प्रेम से मुझको याद किया है। हम उनकी बेटी की शादी में जाएंगे।" दोनों नेताओं को बिहार और उत्तर प्रदेश की राजनीति में बाहुबली नेता के तौर पर जाना जाता है। ऐसे में शादी समारोह में बृजभूषण सिंह की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इस शादी में राजनीति के साथ भोजपुरी और बॉलीवुड जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की चर्चा है।
ऋषिकेश कुमार से होगी शिवांगी की शादी
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार से होने वाली है। यह समारोह अनंत सिंह के गांव नदवां में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए करीब 10 बीघे जमीन में भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल में ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि दूर बैठे मेहमान भी जयमाल और शादी की रस्में आसानी से देख सकें। पंडाल को सजाने के लिए चीन और बेंगलुरु से फूल मंगाए जा रहे हैं। शादी 25 नवंबर को होगी। इसी दिन घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता जीतने वाले को थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी।
दामाद को गिफ्ट करेंगे लैंड रोवर डिफेंडर
अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी पर होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को लग्जरी कार लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करेंगे। इसी दिन उनके छोटे बेटे का जनेऊ संस्कार भी होगा। इस वजह से समारोह को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है।
4 दिसंबर तक अनंत सिंह को करना होगा सरेंडर
बेटी की शादी के बाद अनंत सिंह को दुलारचंद हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार 4 दिसंबर तक सरेंडर करना होगा। वहीं, 30 नवंबर तक उन्हें बिहार विधानसभा अध्यक्ष की ओर से भेजे गए नोटिस का जवाब भी देना है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) से निकाले जाने के बाद पार्टी की ओर से अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता खत्म करने की सिफारिश की गई थी। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा था। जवाब देने के लिए उन्हें 30 नवंबर तक का समय दिया गया है।