छपरा में दिखा बनारस जैसा नजारा! हरपुर कराह गंडकी तट पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भव्य महाआरती में शामिल हुए हजारों लोग
सारण जिले के बानियापुर प्रखंड अंतर्गत हरपुर कराह में गंडकी नदी तट पर छठ पूजा के अवसर पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। बनारस से आए बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती की, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सारण जिले के बनियापुर प्रखंड अंतर्गत हरपुर कराह स्थित गंडकी नदी तट पर रविवार को भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। बनारस से आए बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे पारंपरिक विधि- विधान के साथ मां गंगा की आरती की गई। इस दौरान पूरा घाट भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। महाआरती के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी।
महाआरती के दौरान शंखनाद, घंटियों की गूंज और वैदिक मंत्रों के उच्चारण से वातावरण आध्यात्मिक हो उठा। बटुकों ने पारंपरिक वेशभूषा में दीपों और आरती के थाल के साथ निर्धारित विधि-विधान से मां गंगा की आराधना की। एक साथ उठते आरती के दीप और उनकी रोशनी से गंडकी नदी का तट जगमगा उठा। इस मनोरम दृश्य को देखने के लिए घाट पर मौजूद श्रद्धालु देर तक मंत्रमुग्ध रहे। कई लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। वहीं, महाआरती के लाइव प्रसारण के माध्यम से भी बड़ी संख्या में लोग इस धार्मिक आयोजन से जुड़े रहे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राकेश निकुंभ ने बताया कि छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित इस महाआरती ने धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया है। वहीं आयोजन के माध्यम से नदियों की स्वच्छता, जल संरक्षण और जलधाराओं को अविरल बनाए रखने की अपील की गई। आरती के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं के द्वारा सामूहिक रूप से नदियों को प्रदूषणमुक्त रखने, उनमें कूड़ा- कचरा और पूजन सामग्री नहीं डालने तथा जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया गया है।
आयोजन के दौरान छठ महापर्व की महत्ता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव भी देखने को मिला है। सूर्योपासना और जल की आराधना से जुड़े इस महापर्व पर गंडकी नदी तट पर हुई महाआरती ने श्रद्धालुओं को आस्था के साथ पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। हरपुर कराह का घाट देर तक भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का केंद्र बना रहा।
सारण से धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट