Anant Singh Daughter Wedding: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी पर बारिश का संकट, हेलिकॉप्टर लैंडिंग से लेकर घुड़दौड़ तक पर लग सकता है ब्रेक

Anant Singh Daughter Wedding: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की 25 नवंबर को होने वाली शाही शादी पर बेमौसम बारिश का असर पड़ा है। नदवां गांव में 25 बीघा जमीन पर पानी और कीचड़ जमा होने से हेलिकॉप्टर लैंडिंग और घुड़दौड़ प्रतियोगिता पर संकट खड़ा हो गया है।

Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी की तैयारियां इन दिनों चर्चा में हैं। 25 नवंबर को पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव नदवां (लदमा) में होने वाली इस शादी से पहले मौसम ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है। तिलक समारोह संपन्न होने के बाद अब बारात के स्वागत की तैयारियां तेज होनी थीं, लेकिन पिछले तीन दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं को प्रभावित कर दिया है।


करीब 25 बीघा जमीन पर जयमाला, भोज, गीत-संगीत और घुड़दौड़ प्रतियोगिता के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। लेकिन बारिश के कारण मैदान में जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा हो गया है। सजावट के सामान को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। ऐसे में शादी के कई खास कार्यक्रमों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।


अनंत सिंह बोले- बारिश ने सबकुछ बिगाड़ दिया


शादी की तैयारियों पर बारिश के असर को लेकर अनंत सिंह ने खुद चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने सारी व्यवस्था बिगाड़ दी है और कामकाज प्रभावित हो गया है। अनंत सिंह ने कहा, "तैयारी सब है लेकिन पानी ने पूरा तंग कर दिया है। कादो (कीचड़) में घोड़ा नहीं दौड़ेगा और प्लेन नहीं गिरेगा (हेलिकॉप्टर लैंड नहीं होगा)।"


विधायक ने बताया कि उनके गांव के आसपास की जमीन केवाल मिट्टी की है। यह बलुआही मिट्टी नहीं है, इसलिए बारिश का पानी सूखने में ज्यादा समय लगता है। उनका कहना है कि अगर बारिश रुक भी जाती है, तब भी मैदान को इस्तेमाल करने लायक बनाने के लिए बालू का छिड़काव करना पड़ सकता है।


हेलिकॉप्टर से आने वाले 25 मेहमानों को अब सड़क मार्ग से पहुंचना होगा


शिवांगी की शादी में मेहमानों के आने-जाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। अनंत सिंह के मुताबिक, समारोह में शामिल होने के लिए करीब 25 मेहमान हेलिकॉप्टर से आने वाले थे। इसके लिए गांव में विशेष रूप से हेलीपैड भी तैयार कराया गया था। हालांकि, लगातार बारिश के कारण मैदान में कीचड़ भर गया है। ऐसे में अब हेलिकॉप्टर की लैंडिंग की संभावना नहीं दिख रही है। अनंत सिंह ने कहा कि धूप निकलने के बावजूद जमीन की स्थिति ऐसी नहीं होगी कि हेलीपैड का इस्तेमाल किया जा सके। इसके चलते हेलिकॉप्टर से आने वाले मेहमानों को भी अब सड़क मार्ग से ही समारोह स्थल तक पहुंचना होगा।


घुड़दौड़ प्रतियोगिता पर भी मंडराया संकट


शिवांगी की शादी के खास आकर्षणों में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी शामिल है। इसके लिए बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी घोड़े पहुंचने वाले थे। बताया जा रहा है कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले घोड़ों ने मैदान में अभ्यास भी किया था। इस प्रतियोगिता को लेकर खास इनाम की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि विजेता को थार गाड़ी देने की तैयारी थी। लेकिन बारिश के कारण घुड़दौड़ के लिए तैयार किए गए ट्रैक पर कीचड़ जमा हो गया है। ऐसी स्थिति में घोड़ों को दौड़ाना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए प्रतियोगिता के आयोजन पर संशय बना हुआ है।


20 नवंबर को हुआ था तिलक, 25 नवंबर को शादी


अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है। ऋषिकेश अमेरिका में कार्यरत हैं। शादी से जुड़ी रस्मों की शुरुआत 20 नवंबर को तिलक समारोह के साथ हो चुकी है। कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी एवं संगीत का आयोजन होना है। इसके बाद 25 नवंबर को विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। शादी में बड़ी संख्या में मेहमानों और लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।


आयोजकों के सामने तीन दिनों में व्यवस्था दुरुस्त करने की चुनौती


शादी में अब केवल तीन दिन का समय बचा है। ऐसे में आयोजकों के सामने मैदान को तैयार करने, सजावट को दुरुस्त करने और मेहमानों के स्वागत की व्यवस्था को समय पर पूरा करने की चुनौती है। करीब 25 बीघा जमीन पर किए गए बड़े इंतजामों के बीच बारिश ने तैयारियों को काफी प्रभावित किया है। अनंत सिंह के मुताबिक, मौसम की मार से हर कोई परेशान है। सभी को उम्मीद थी कि शादी के कार्यक्रमों के दौरान मैदान में भव्य आयोजन होंगे, लेकिन लगातार बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब सबकी नजर मौसम साफ होने और मैदान से पानी व कीचड़ हटाने की व्यवस्था पर टिकी है।