अनंत-नीरज विवाद के बीच नीतीश के घर हुई JDU के शीर्ष नेताओं की बड़ी बैठक ! MLC चुनाव जीतने पर बनी रणनीति

मोकामा विधायक अनंत सिंह जहां JDU प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच विवाद के बीच नीतीश कुमार के घर बैठक में JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री श्रवण कुमार और MLC संजय गांधी मौजूद रहे।

Bihar MLC Election - फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव के बीच JDU में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहा विवाद अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया है। मोकामा विधायक अनंत सिंह जहां JDU प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर खड़े हुए और पटना स्नातक सीट से जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया, वहीं पार्टी नेतृत्व लगातार इस विवाद को सुलझाने की कोशिश में जुटा है। इसी कड़ी में बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 7 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर JDU की अहम बैठक हुई। बैठक में आठों MLC सीटों की चुनावी स्थिति और जमीनी फीडबैक पर चर्चा हुई।  


बैठक में JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री श्रवण कुमार और MLC संजय गांधी मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान मिले फीडबैक और चुनावी तैयारियों की जानकारी नीतीश कुमार को दी। संजय झा ने हाल में भी कहा था कि सभी सीटों को लेकर पार्टी नेताओं ने नीतीश कुमार को चुनावी स्थिति से अवगत कराया है। 


अनंत सिंह और नीरज के विवाद ने बढ़ाई चिंता

पटना स्नातक सीट से JDU ने अपने मौजूदा MLC और वरिष्ठ नेता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। लेकिन मोकामा विधायक अनंत सिंह ने नीरज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में सामने आ गए। इससे पार्टी के सामने अपने ही विधायक को साधने की चुनौती खड़ी हो गई। मामला बढ़ने के बाद JDU ने अनंत और नीरज के बीच विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को सौंपी थी। संजय झा ने कहा था कि दोनों नेताओं के बीच विवाद को देखते हुए ललन सिंह को बातचीत के जरिए समाधान निकालने के लिए अधिकृत किया गया है।  


ललन सिंह ने अनंत से की बात, निकला ‘बीच का रास्ता’

ललन सिंह ने अनंत सिंह से बातचीत के बाद दावा किया कि अनंत सिंह अब नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक बयान नहीं देंगे और उनके खिलाफ प्रचार भी नहीं करेंगे।  ललन सिंह के मुताबिक अनंत ने पार्टी के पुराने घटनाक्रम और विधानसभा चुनाव के दौरान अपने खिलाफ हुए कथित दुष्प्रचार को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। ललन सिंह ने यह भी कहा था कि अनंत सिंह JDU में थे, हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने अनंत की शिकायतों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी की प्रदेश इकाई से उस समय चूक हुई थी और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई।  


संजय झा ने कहा- ललन सिंह ने पार्टी हित में काम किया

ललन सिंह की पहल के बाद JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उनके प्रयास की सराहना की। संजय झा ने कहा कि ललन सिंह ने पार्टी हित को ध्यान में रखते हुए काम किया है और उनके हस्तक्षेप से विवाद को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता बना है।  


विजय चौधरी बोले- विवाद समाधान की ओर

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी अनंत-नीरज विवाद पर कहा कि मामला अब निश्चित समाधान की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने ललन सिंह के बयान को पारदर्शी और स्पष्ट बताते हुए कहा कि पार्टी ने उनके हस्तक्षेप को सकारात्मक रूप से लिया है। विजय चौधरी ने यह भी कहा कि पार्टी ललन सिंह की पहल के लिए उनकी आभारी है।  


निशांत ने भी साफ किया JDU का स्टैंड

इस पूरे विवाद के बीच स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी कार्यकर्ताओं से NDA के अधिकृत उम्मीदवार को जिताने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि नीरज कुमार ही NDA के अधिकृत उम्मीदवार हैं और उन्हें पूरी ताकत के साथ जिताना चाहिए। इससे नीरज के पक्ष में पार्टी नेतृत्व का रुख साफ माना गया। 


अब नीतीश के फीडबैक पर नजर

बुधवार की बैठक इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि इसमें आठों MLC सीटों की चुनावी स्थिति के साथ-साथ अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद से पैदा हुई परिस्थितियों पर भी पार्टी नेतृत्व के स्तर पर चर्चा हुई। बैठक के बाद नीतीश कुमार 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास से बाहर निकले। अब देखना होगा कि अनंत सिंह को पूरी तरह नीरज के पक्ष में लाने में JDU नेतृत्व कितना सफल होता है और पटना स्नातक सीट पर पार्टी के भीतर का यह विवाद चुनावी नतीजों को कितना प्रभावित करता है।

अभिजीत की रिपोर्ट