अपने छोटे बेटे को आईपीएस बनाना चाहते हैं बाहुबली विधायक अनंत सिंह, कहा – जरुर पूरा होगा मेरा सपना

मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह ने अपने छोटे बेटे अभिनव को IPS बनाने की इच्छा जताई है। साथ ही नीतीश कुमार के इस्तीफे और बिहार के अगले मुख्यमंत्री के चेहरे पर भी बेबाक राय दी। पढ़ें पूरी खबर।

Patna - बिहार की सियासत में 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह अक्सर अपने बेबाक बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं। इस बार उन्होंने राजनीति से हटकर अपने परिवार और भविष्य की योजनाओं को लेकर बड़ी बात कही है। मंगलवार को पटना में मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने अपने छोटे बेटे अभिनव को लेकर अपनी दिली इच्छा जाहिर की।

छोटे बेटे को IPS बनाने का सपना

अनंत सिंह ने कहा कि वह चाहते हैं कि उनका छोटा बेटा IPS अधिकारी बने और देश की सेवा करे। पिता के इस सपने पर बेटे अभिनव ने भी अपनी मुहर लगाई है। अभिनव, जिन्होंने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी है, ने मीडिया से कहा कि वह अपने पिता के इस सपने को हकीकत में बदलने के लिए जी-तोड़ मेहनत करेंगे। 

गौरतलब है कि अनंत सिंह ने पहले ही अपनी राजनीतिक विरासत अपने एक बेटे को सौंपने और खुद राजनीति से संन्यास लेने के संकेत दिए थे। 

नीतीश कुमार के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया

बिहार की हालिया राजनीतिक हलचल, विशेषकर नीतीश कुमार के विधान परिषद (MLC) से इस्तीफे पर भी अनंत सिंह ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए काफी काम किया है और अब उनके पास राज्य में करने के लिए कुछ खास नहीं बचा है। उनके दिल्ली जाने की खबरों पर अनंत सिंह ने कहा कि इस फैसले से कई लोग दुखी हैं। 

"निशांत या सम्राट में से कोई बने मुख्यमंत्री"

राज्य के अगले मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भी अनंत सिंह ने दिलचस्प सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि निशांत कुमार (नीतीश कुमार के पुत्र) या सम्राट चौधरी में से किसी एक को मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालनी चाहिए। 

सदन से इस्तीफों का दौर

बता दें कि बिहार की राजनीति में इन दिनों बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनका इस्तीफा पत्र जदयू के विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी ने सभापति अवधेश नारायण सिंह को सौंपा।

वहीं, भाजपा के दिग्गज नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी विधानसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इन बड़े इस्तीफों के बाद बिहार के सियासी गलियारों में भविष्य के नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।