चुनाव नहीं लड़ेंगे अनंत सिंह, बेटे को बनाएंगे आईपीएस, मोकामा से अब छोटे सरकार की जगह ये लड़ेंगे इलेक्शन
पटना में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका छोटा बेटा आईपीएस अधिकारी बनेगा. छोटे बेटे अभिनव के कंधे पर हाथ रखकर उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा है कि यह आईपीएस कम्प्लीट करे.
Anant Singh : अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के साथ ही उन्होंने भी तय कर लिया है वे अब चुनाव नहीं लड़ेंगे. अब उनकी जगह उनके बेटे चुनाव लड़ सकते हैं. अनंत सिंह ने कहा कि यह जनता तय करेगी कि कौन सबसे योग्य है. वहीं जनता से उनके किस बेटे का ज्यादा जुड़ाव है के सवाल पर कहा कि उनके जुड़वा बेटों अंकित और अभिषेक में बड़ा बेटा आम लोगों से ज्यादा जुड़ाव बनाकर रखते हैं. उन्होंने कहा कि अभी पांच साल है तब तक देखा जाएगा कि कौन बेटा चुनाव लड़ेगा.
IPS बनेगा बेटा
पटना में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका छोटा बेटा आईपीएस अधिकारी बनेगा. छोटे बेटे अभिनव के कंधे पर हाथ रखकर उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा है कि यह आईपीएस कम्प्लीट करे. वहीं बेटे अभिनव ने कहा कि उन्होंने अभी 12वीं कक्षा की परीक्षा दी है. आगे उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद वे आईपीएस बनने की दिशा में देखेंगे और पिता के सपने को साकार करेंगे.
शराबबंदी खत्म करने की मांग
बिहार में शराबबंदी के दस साल हो गए हैं. अप्रैल 2016 में नीतीश कुमार ने राज्य में शराबबंदी लागू की थी. इसके बाद भी शराबबंदी सफल नहीं हुई है. अब मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बिहार में शराबबंदी को खत्म करने की मांग की है. उन्होंने मंगलवार को संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि राज्य में शराबबंदी जिस उद्देश्य से लागू हुआ था वह पूरा नहीं हुआ है. कई लोग आज भी शराब पीते हैं. राज्य में शराब तस्करी भी बड़े पैमाने पर हो रही है. इतना ही नहीं राज्य में शराबबंदी के कारण कई किस्म के सूखे नशे का चलन बढ़ा है. इससे युवा पीढ़ी बुरी तरह बर्बाद हुई है.
निशांत बने सीएम
वहीं बिहार में नीतीश कुमार के बाद अगले मुख्यमंत्री के नाम के रूप में अपनी पसंद के रूप में निशांत को उन्होंने सबसे योग्य सीएम उम्मीदवार बताया. समर्थकों के बीच छोटे सरकार के नाम से मशहूर अनंत सिंह को बेबाक अंदाज में अपनी बातें रखने के लिए जाना जाता है. दुलारचंद यादव हत्याकांड के बेल मिलने के बाद जेल से आते ही उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी. उन्होंने अब कहा कि नीतीश के बेटे निशांत सभी तरह से बिहार के सीएम बनने के योग्य हैं. वहीं अगर एनडीए में भाजपा का सीएम बनने पर सहमति होती है तो सम्राट चौधरी को बनाया जा सकता है.